रांची: बोकारो के तेतुलिया मौजा में वन भूमि की करीब 107 एकड़ जमीन की फर्जी तरीके से खरीद-बिक्री मामले की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने सोमवार को राजबीर कंस्ट्रक्शन के संचालक विमल अग्रवाल को गिरफ्तार किया है।इस केस में सीआईडी की यह चौथी गिरफ्तारी है। विमल अग्रवाल राजबीर कंस्ट्रक्शन के दूसरे संचालक पुनीत अग्रवाल के भाई हैं।
झारखंड प्रशासनिक सेवा के 15 अधिकारी को IAS में मिला प्रमोशन, केंद्र सरकार ने जारी की अधिसूचना
सीआईडी ने पुनीत अग्रवाल को गत वर्ष 14 जुलाई 2025 को गिरफ्तार किया था। उक्त केस में विमल अग्रवाल भी आरोपित थे। सर्वोच्च न्यायालय से जमानत याचिका खारिज होने के बाद सीआईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया है।
अग्रवाल बंधुओं पर आरोप है कि इनलोगों ने उक्त जमीन के एवज में उमायुष कंपनी को 3 करोड़ 40 लाख रुपये का भुगतान किया था। इस केस में सीआईडी ने गत वर्ष ही दो अन्य आरोपित इजहार हुसैन व अख्तर हुसैन को गिरफ्तार किया था।
फर्जी दस्तावेज पर उक्त जमीन की खरीद-बिक्री के आरोपों की हो चुकी है पुष्टि
सीआईडी की जांच में यह खुलासा हो चुका है कि फर्जी दस्तावेज पर उक्त जमीन की खरीद-बिक्री हुई थी। वर्ष 2021 में इजहार व अख्तर हुसैन ने उमायुष मल्टीकाम प्राइवेट लिमिटेड को 10.3 करोड़ रुपये में उक्त जमीन बेच डाली थी। तब उक्त जमीन का सर्किल दर 23 करोड़ रुपये था।इसी उमायुष कंपनी को उक्त जमीन के एवज में पुनीत अग्रवाल व उनके भाई विमल अग्रवाल ने तीन करोड़ 40 लाख रुपये का भुगतान किया था।
इसके बाद ही वन विभाग ने वन भूमि घोटाला मामले में सीजेएम बोकारो की अदालत में याचिका दाखिल की थी, जिसके आधार पर सेक्टर-12 थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। सीआईडी ने उसी केस को टेकओवर कर जांच के क्रम में अग्रवाल बंधुओं को आरोपित बनाया है।
ईडी भी मनी लॉन्ड्रिंग के तहत कर रही है जांच
बोकारो के तेतुलिया मौजा वन भूमि घोटाला मामले में ईडी भी पीएमएल अधिनियम के तहत जांच कर रही है। ईडी ने बोकारो के सेक्टर 12 थाने में दर्ज केस के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग के तहत केस की थी।जांच के क्रम में ही ईडी ने गत वर्ष 22 अप्रैल 2025 को इससे जुड़े आरोपितों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस छापेमारी में बिहार के बांका निवासी श्रीराम कंस्ट्रक्शन के संचालक बीर अग्रवाल के घर से 1.30 करोड़ रुपये नकदी मिले थे। एसीबी के हाथों गिरफ्तार पुनीत अग्रवाल व विमल अग्रवाल बीर अग्रवाल के बेटे हैं।
ईडी ने पुनीत अग्रवाल के रांची स्थित राजबीर कंस्ट्रक्शन के ठिकाने पर भी छापा मारा था। ईडी ने पुनीत अग्रवाल के अलावा शैलेश सिंह, शैलेश सिंह के बेटे आयुष कुमार सिंह, चास के पूर्व अंचल अधिकारी सह धनबाद के डीटीओ दिवाकर द्विवेदी, बोकारो के पूर्व व धनबाद के वर्तमान सब रजिस्ट्रार रामेश्वर प्रसाद सिंह, चास के पूर्व अंचलाधिकारी निर्मल टोप्पो, जमीन विक्रेता इजहार हुसैन व अख्तर हुसैन के ठिकानों को भी खंगाला था। ईडी की छानबीन जारी है।



