कटिहारः छठ महापर्व के नहाय-खाय के दिन कटिहार में भीषण सड़क हादसा हुआ है। मनिहारी थाना क्षेत्र के नारायणपुर कुतुबपुर के पास सड़क किनारे खड़े बालू लदे ट्रक को स्कार्पियो ने पीछे से टक्कर मार दी। जिस वजह से स्कॉर्पियो में सवार छह लोगों में से दो महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। गंभीर हालत में तीन लोगों का इलाज चल रहा है। ये सभी लोग छठ के लिए मनिहारी गंगा स्नान के लिए जा रहे थे।
कटिहार नगर थाना क्षेत्र के बैगना निवासी कुछ लोग कार से मनिहारी गंगा घाट पर स्नान करने जा रहे थे। इसी दौरान मनिहारी थाना क्षेत्र के कुतुबपुर के पास सड़क किनारे तकनीकी खराबी के कारण बालू लदा एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान कटिहार की ओर से आ रही कार (BR11BB5581) ने अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बैगना निवासी 68 वर्षीय शंभू सिंह, उनकी पत्नी उषा सिंह और उनकी पड़ोसी मंजू रानी शाह, पति इंदू शाह की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं कार में सवार एक बच्ची और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।दोनों को इलाज के लिए मनिहारी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही मनिहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। तीनों मृतकों के शव को एंबुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल कटिहार भेजा गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
थानाध्यक्ष ने दी घटना की जानकारी
मामले में मनिहारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा ने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।मृतकों की पहचान शंभू सिंह (68), उनकी पत्नी उषा सिंह और पड़ोसी मंजू रानी शाह के रूप में हुई है। तीनों कटिहार नगर थाना क्षेत्र के बैगना के निवासी थे।





