पटनाः फुलवारीशरीफ बेऊर में फर्जी जमीन और जाली दस्तावेज दिखाकर लोगों से दो करोड़ से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी रवि रंजन कुमार को बेऊर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी उस वक्त हुई जब वो छठ पूजा के दौरान पटना पहुंचा था।
रवि रंजन कुमार के खिलाफ गैरजमानती वारंट भी जारी
एएसपी नारायण उपाध्याय ने बताया कि गिरफ्तार रवि रंजन कुमार बेऊर थाना क्षेत्र के बेतौड़ा गांव का रहने वाला है।उसके खिलाफ बेऊर थाना कांड संख्या 57/24 में फर्जी दस्तावेज के आधार पर ठगी करने का मामला दर्ज है। आरोप है कि उसने फर्जी जमीन और कागजात दिखाकर कई लोगों से करीब एक करोड़ दस लाख रुपये की ठगी की है। इस मामले में उसके खिलाफ न्यायालय से गैरजमानती वारंट भी जारी हो चुका था।

जक्कनपुर थाना में भी केस दर्ज
इसके अलावा रवि रंजन कुमार और उसकी पत्नी के खिलाफ जक्कनपुर थाना में भी 80 लाख 18 हजार 500 रुपये की ठगी का मामला दर्ज है। दोनों पर फर्जी दस्तावेज दिखाकर जमीन दिलाने के नाम पर रकम लेने का आरोप है। इस मामले में जक्कनपुर थाना कांड संख्या 156/26 दर्ज है. इस ठगी का शिकार आम लोग ही नहीं, पुलिस विभाग से जुड़े लोग भी हुए हैं।
पूर्व थानाध्यक्ष और उनके भांजे से भी ठगी
आरोप है कि रवि रंजन कुमार ने बेऊर थाना की पूर्व थानाध्यक्ष कुमारी उषा सिंहा से 28 लाख रुपए की ठगी की। कुमारी उषा सिंहा वर्ष 2023-24 में बेऊर थानाध्यक्ष के पद पर तैनात थीं।इतना ही नहीं, उनके भांजे से भी जमीन दिलाने के नाम पर 23 लाख रुपए ठगने का आरोप है। बेऊर थाना क्षेत्र के बसंत विहार कॉलोनी निवासी संजीव प्रकाश ने भी रवि रंजन कुमार और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
गिरफ्तारी के बाद सामने आ रहे ठगी के नए मामले
संजीव प्रकाश का आरोप है कि मसौढ़ी इलाके में जमीन दिलाने के नाम पर उनसे लाखों रुपए लिए गये, लेकिन न तो जमीन मिली और न ही रकम वापस की गई। वहीं, पप्पू कुमार ने भी पटना के दक्षिणी इलाके के एक थाने में आवेदन देकर रवि रंजन पर लाखों रुपए की ठगी का आरोप लगाया है। रवि रंजन की गिरफ्तारी के बाद ठगी के शिकार कई अन्य लोग भी सामने आ रहे हैं।
दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी
पीड़ित संजीव प्रकाश का दावा है कि उनकी जानकारी में करीब एक दर्जन से अधिक लोग जमीन के नाम पर ठगी के शिकार हुए हैं और ठगी की कुल रकम करोड़ों रुपये तक पहुंच चुकी है। सहरसा के एक व्यक्ति ने भी बेऊर थाना क्षेत्र में 35 लाख रुपए की ठगी की जानकारी दी है, हालांकि उसका लिखित आवेदन अभी पुलिस को नहीं मिला है। अब तक सामने आये मामलों में दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की बात सामने आ रही है।





