रांचीः राजधानी स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में अप्राकृतिक यौनाचार का मामला सामने आया है। जेल में बंद 20 वर्षीय विचाराधीन कैदी ने कैदियों के एक गिरोह पर तीन अलग-अलग मौकों पर नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक अप्राकृतिक यौनचार का आरोप लगाया है। इसे लेकर रातू थाना क्षेत्र के कटहल मोड़ स्थित कॉलोनी निवासी पीड़ित के पिता ने लिखित शिकायत खेलगांव थाने में दर्ज कराई है। यह प्राथमिकी 12 नवंबर की शाम 6.05 बजे दर्ज की गयी है। इसमें जेल के भीतर सक्रिया 16 आरोपियों के साथ-साथ साक्ष्य छिपाने और साजिश रचने के आरोप में होटवार जेल के अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के मेडिकल अफसर सहित कुल 19 लोगों को नामजद किया गया है।
तीन अलग-अलग त्योहारों की रात घटना का आरोप
प्राथमिकी के तथ्यों के अनुसार, पीड़ित युवक एक मामले में विचाराधीन कैदी के रूप में होटवार जेल में बंद था, जिसे रांची की अदालत ने 12 जून 2026 को बरी कर दिया। जेल से बाहर आने के बाद गहरे मानसिक सदमे में चल रहे युवक ने अपने परिजनों को जेल के भीतर हुई अमानवीय घटनाओं की जानकारी दी। शिकायतकर्ता पिता का आरोप है कि 31 जनवरी 2026 से 12 जून 2026 के बीच जेल के अंदर उसके बेटे को तीन बार निशाना बनाया गया। पहली घटना महाशिवरात्रि की रात की बताई गई है। आरोप है कि जेल में बंद कुछ कैदियों ने पीड़ित को जबरन साड़ी पहनाई और पार्वती का रूप देने के बाद कोई नशीला तरल पदार्थ पिला दिया। इसके बाद उसे बेहोशी की हालत में वार्ड संख्या 3ए में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म और अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न किया गया। शिकायत में घटना के दौरान पीड़ित के खून से लथपथ होने की बात भी कही गई है।

दूसरी घटना रामनवमी की रात की बताई गई है। आरोप है कि उसी समूह ने पीड़ित को दोबारा जबरन महिला के कपड़े पहनाए और नशीला पदार्थ देकर वार्ड संख्या 3 ए के ग्राउंड हाल में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
तीसरी घटना सरहुल पूजा के दिन की बताई गई है। शिकायत के मुताबिक, इस दौरान भी आरोपितों ने पीडित को जबरन खींचकर वार्ड संख्या 5 में ले जाकर उसके साथ सामूहिक यौन हिंसा की। हालांकि, शिकायत में तीनों घटनाओं की सटीक तारीख का उल्लेख नहीं किया गया है।
जेल प्रशासन पर शिकायत दबाने और इलाज नहीं करने का आरोप
पीड़ित के पिता ने जेल प्रशासन के अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, पीड़ित ने अपने साथ हुई घटनाओं की जानकारी लिखित आवेदन के माध्यम से वार्ड प्रभारी को दी थी। आरोप है कि वार्ड प्रभारी ने आवेदन फाड़ दिया और पीड़ित के साथ दुर्व्यवहार किया।
इसके अलावा, निजी अंगों से रक्तस्राव होने पर जब पीड़ित जेल अस्पताल पहुंचा तो चिकित्सा अधिकारी ने कथित तौर पर उसकी जांच करने और इलाज करने से इनकार कर दिया। शिकायत में जेल अधीक्षक, वार्ड प्रभारी और जेल अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी की भूमिका की भी जांच करने की मांग की गई है।
16 बंदियों समेत जेल अधीक्षक और अन्य पर प्राथमिकी दर्ज
शिकायत में वार्ड संख्या 14 और 15 के कई बंदियों सहित कुल 16 लोगों के नाम अथवा पहचान का उल्लेख किया गया है। इनमें पिंटू, अरविंद गुप्ता, साहिल अंसारी, साहिल साह, रबीसर लोहरा, पवन, मंटू, धनेश्वर बधाई, कटिल शिव ओरांव, बल्लू, रेहान गोलू, गोलू साओ, पोगो, संतोष उरांव और वार्ड प्रभारी और अन्य का जिक्र है।
एक पुलिसकर्मी सिंह पर भी आरोप लगाया गया है। इसके अतिरिक्त जेल अधीक्षक और चिकित्सा अधिकारी पर भी प्राथमिकी दर्ज हुई है। सभी की भूमिका की जांच की मांग की गई है। पुलिस ने शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अब सिटी एसपी की निगरानी में पूरे मामले की जांच होगी। इसमें कथित घटनाओं की तारीख, जेल के संबंधित वार्डों में बंद बंदियों की पहचान, जेल के रिकार्ड, शिकायत पत्र और चिकित्सा संबंधी दस्तावेजों की पड़ताल अहम होगी। फिलहाल सभी आरोप जांच के अधीन हैं। आरोपों की पुष्टि जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी।





