छठ महापर्व को लेकर रांची में ट्रैफिक एडवाइजरी, इन गाड़ियों को नहीं मिलेगी शहर में एंट्री

Picture of Live Dainik

Live Dainik

November 15, 2026

छठ महापर्व को लेकर रांची-जमशेदपुर में ट्रैफिक एडवाइजरी, इन गाड़ियों को नहीं मिलेगी शहर में एंट्री

रांचीः छठ महापर्व को लेकर 15 नवंबर को विभिन्न घाटों पर डूबते सूर्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ दिया जाएगा। रांची जिला प्रशासन ने शहर में रविवार की सुबह 6 से लेकर सोमवार की सुबह के 11 बजे तक नो एंट्री लगा दी है। इस दौरान भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगायी गयी है। इस संबंध में उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक और यातायात पुलिस उपाधीक्षक के संयुक्त हस्ताक्षर से आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार, 15 नवंबर की सुबह छह बजे से 16 नवंबर की सुबह 11 बजे तक शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इसमें यात्री बसें भी शामिल हैं। इस दौरान किसी भी तरह के भारी वाहन को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

छठ के दौरान जमशेदपुर के साकची, मानगो, बिष्टूपुर, सोनारी, कदमा और जुगसलाई समेत अन्य इलाकों में घाटों तक जाने वाले रास्तों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 या एंबुलेंस सेवा 108 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने छठ के दौरान लोगों से निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

See also  रोहतास के होटल में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, 4 युवतियां समेत 5 हिरासत में

छठ घाटों पर बैरिकेडिंग पार न करें,बरतें सावधानी
जमशेदपुर जिला प्रशासन की ओर से जारी बयान में श्रद्धालुओं से निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही अर्घ्य अर्पित करने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। प्रशासन ने डिमना लेक में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। बताया गया है कि किनारे से थोड़ा आगे बढ़ने पर असामान्य ढलान और अधिक गहराई है। श्रद्धालु खतरे के निशान के आगे नहीं जाएं और घाटों पर लगे बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरे तथा चेतावनी संकेतों को पार न करें। गहरे पानी में उतरने और तैरने से भी बचें।

घाटों पर पटाखों का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। धक्का-मुक्की, अनावश्यक भीड़ और अफरा-तफरी से बचने तथा पहले आओ-पहले पाओ के सिद्धांत का पालन करने की अपील की गई है। अर्घ्य दे चुके श्रद्धालु दूसरों के लिए जगह खाली करें। घाटों पर कचरा और पूजन सामग्री न फेंकें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। वाहन निर्धारित पार्किंग में लगाएं तथा किसी आपात स्थिति की सूचना तत्काल तैनात दंडाधिकारी या पुलिसकर्मियों को दें।

See also  सिमडेगा में जंगली हाथी का आतंक, तीन लोगों की कुचलकर ली जान

बाइक दस्ता, शक्ति कमांडो व एनडीआरएफ की तैनाती
छठ महापर्व को लेकर शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों और थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में छठ घाटों पर डेंजर जोन की पहचान करने और वहां सुरक्षा के इंतजाम करने पर चर्चा हुई। घाटों पर पुलिस बल के साथ बाइक दस्ता, शक्ति कमांडो और एनडीआरएफ की तैनाती को लेकर भी निर्देश दिये गए। घाटों और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने को कहा गया। इसके अलावा टैंगो मोबाइल की तैनाती पर भी चर्चा हुई।

एसएसपी ने छठ की तैयारी के साथ जिले में अपराध नियंत्रण की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी थानों में पुलिसकर्मियों की हाजिरी सुनिश्चित करने और अपराधियों के डोजियर को अपडेट करने का निर्देश दिया। थाना क्षेत्रों में एंटी क्राइम चेकिंग चलाने और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।

See also  झारखंड हाईकोर्ट के जज के साथ हो गया फ्रॉड, फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेच डाली जमीन

बैठक में बंद घरों में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने को लेकर भी चर्चा हुई। एसएसपी ने थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में बंद घरों की निगरानी रखने और गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान पुलिस पदाधिकारी आपस में समन्वय बनाकर काम करें। घाटों पर लगातार निगरानी रखें और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करें। पुलिस का उद्देश्य छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now