रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। रविवार को मुख्यमंत्री अपनी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ रांची के कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पहुंचे। यहां दोनों ने पुष्पचक्र अर्पित कर धरती आबा को नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कोकर समाधि स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर किया नमन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने कोकर स्थित समाधि स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धासुमन व्यक्त किए। इस दौरान धरती आबा के संघर्ष और झारखंड के इतिहास में उनके योगदान को याद किया गया।
भगवान बिरसा मुंडा का जीवन आदिवासी समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के संघर्ष का प्रतीक रहा है।

बिरसा चौक पहुंचकर प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बिरसा चौक पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
झारखंड स्थापना दिवस और बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर राजधानी रांची में विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए धरती आबा के संघर्ष, विचारों और योगदान को याद किया जा रहा है।





