डेस्कः बिहार के रोहतास में स्थित डेहरी शहर में लंबे समय से होटल की आड़ में चल रहे कथित अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को डेहरी स्टेशन रोड स्थित एक होटल में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी की। बड़ी संख्या में पुलिस बल और अधिकारियों के होटल में पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई की खबर फैलते ही होटल के आसपास लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
लगातार शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
छापेमारी का नेतृत्व डेहरी एसडीएम निलेश कुमार और एसडीपीओ-1 संजीव कुमार ने किया. अधिकारियों के अनुसार, शहर के कुछ होटलों में अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने की लगातार शिकायतें और सूचनाएं मिल रही थीं। इसी के आधार पर टीम गठित कर छापेमारी की गई।

अलग-अलग कमरों की जांच
प्रशासनिक टीम के होटल में पहुंचने के बाद अलग-अलग कमरों की जांच की गई। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान चार युवतियां और एक व्यक्ति आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। मौके से कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए जाने की बात कही गई है। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हिरासत में चार युवतियां और एक व्यक्ति
डेहरी एसडीएम निलेश कुमार ने बताया कि होटल में अनैतिक गतिविधियों की सूचना लगातार प्राप्त हो रही थी। इसी सूचना के आधार पर मंगलवार को छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान चार युवतियों और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच और पूछताछ जारी है।
होटल मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी
प्रशासन ने होटल के मैनेजर को भी हिरासत में लिया है। वहीं होटल मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम का बयान
एसडीएम निलेश कुमार ने स्पष्ट किया कि शहर के होटलों में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने संकेत दिया कि अन्य होटलों की गतिविधियों पर भी प्रशासन की नजर है और सूचना मिलने पर वहां भी जांच व छापेमारी की जा सकती है। बता दे कि प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद होटल संचालकों में भी हड़कंप मच गया है।




