रांचीः झारखंड में शीतलहरी का असर पूरी तरह से दिख रहा है। धूप के बावजूद कनकनी परेशान कर रही है। शाम होते ही शीतलहर का असर और तेज हो रहा है। रांची का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस सोमवार को रहा जबकि मैक्लुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक पहुंच गया और कांके में 5.2 डिग्री सेल्सियस।
झारखंड में शीतलहर को देखते हुए स्कूलों को आठ जनवरी तक बंद कर दिया गया है।बंद के दौरान निर्धारित प्री-बोर्ड परीक्षाएं ली जा सकेंगी। विभाग ने इसके संबंध में स्कूलों के सक्षम अधिकारियों को मौजूदा मौसम की स्थिति का आकलन करने के बाद उचित निर्णय लेने का निर्देश दिया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट तथा घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी है।
तेजी से गिर रहा तापमान
सोमवार को लोहरदगा में राज्य का सबसे कम तापमान 3.4 डिग्री रहा, इसके बाद गुमला में 4.1 डिग्री और लातेहार में तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, राज्य की रांची में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अभी झारखंड में शीतलहर जारी रहने की बात कही है।मौसम भविष्यवाणी में कहा गया है कि अगले दो-तीन दिनों में कई इलाकों का न्यूनतम तापमान गिरकर लगभग पांच डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, खासकर पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और हजारीबाग जैसे जिलों में। इसके अलावा, उत्तरी और पश्चिमी झारखंड में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर के बीच रह सकती है।
रांची, जमशेदपुर, धनबाद, देवघर और पलामू सहित अन्य जिलों में भी अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि ऐसी अत्यधिक ठंड की स्थिति में लंबे समय तक रहने से छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने छात्रों की सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठाए हैं।
रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर सोमवार को सुबह घने कोहरे के कारण विमान परिचालन पर साफ दिखा। सुबह के समय कम विजिबिलिटी के कारण जहां तीन उड़ानों को रद करना पड़ा, वहीं कई अन्य फ्लाइटें तय समय से विलंब से रवाना और पहुंची।इससे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट पर यात्रियों को चार-चार घंटे इंतजार करना पड़ा। एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस की तीन उड़ानें रद्द की गईं।इनमें बेंगलुरु–रांची–बेंगलुरु, मुंबई–रांची–मुंबई और दिल्ली–रांची–दिल्ली शामिल हैं। इसके अलावा इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस सहित कई अन्य उड़ानें अपने निर्धारित समय से विलंब से संचालित हुईं।सुबह के समय दृश्यता कम होने के कारण कुछ विमानों की लैंडिंग में देरी हुई, जिसका असर पूरे दिन के शेड्यूल पर पड़ा। नतीजतन कई फ्लाइटें घंटों की देरी से रवाना हुईं।उड़ानों के रद और विलंबित होने से यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों ने कनेक्टिंग फ्लाइट और जरूरी कार्यक्रम छूटने की शिकायत की। हालांकि मौसम में सुधार के बाद दोपहर से विमान परिचालन धीरे-धीरे सामान्य होता गया।



