चतरा : जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय बड़ही बिगहा के आठवीं कक्षा के छात्र 14 वर्षीय राकेश कुमार यादव की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह करीब दस बजे की बताई जा रही है। मृतक राकेश यादव विजय यादव का पुत्र था। जानकारी के अनुसार प्रतिदिन की तरह राकेश शुक्रवार को विद्यालय पढ़ने पहुंचा था। प्रार्थना के बाद उसने अपना बस्ता कक्षा में रखा। इसके बाद वह विद्यालय की चारदीवारी फांदकर गांव के कुछ दोस्तों के साथ चला गया।
बताया जाता है कि सभी लोग एक कुएं में नहाने गए थे। नहाने के दौरान राकेश गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथियों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास से राकेश को कुएं से बाहर निकाला और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हंटरगंज लेकर गए। जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया।

घटना के बाद पुलिस विद्यालय पहुंची और शिक्षकों के साथ-साथ विद्यालय में मौजूद विद्यार्थियों से भी पूछताछ की। जिसमें यह बात सामने आया कि राकेश प्रार्थना के बाद विद्यालय की चारदीवारी फांदकर बाहर चला गया था। इधर, घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। स्थानीय पुलिस पूरे मामले की जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है।






