रांचीः लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 22 से 24 नवंबर तक बोकारो के ललपनिया स्थित टीटीपीएस परिसर में तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव आयोजित होगा। आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुलाकात कर उन्हें महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

महोत्सव की तैयारियों की ली जानकारी
इस दौरान बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना भी मौजूद थे। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को महोत्सव के आयोजन से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन और सदस्य लुदू मांझी भी उपस्थित थे।

आदिवासी धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा आयोजन
लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ संताल आदिवासी समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आयोजित होने वाला महोत्सव संताल समाज की परंपरा, धर्म और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा है। इस वर्ष इसे राजकीय महोत्सव के रूप में 22 से 24 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है।




