कोडरमाः DVCके कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन (केटीपीएस), बांझेडीह में शनिवार को कोयला ढुलाई के लिए इस्तेमाल होने वाले सीएचपी कन्वेयर बेल्ट में अचानक आग लग गयी। आग की लपटें उठते ही प्लांट में अफरा-तफरी मच गयी। घटना से अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गयी।
कोयले से कन्वेयर बेल्ट में आग लगने की आशंका
जानकारी के अनुसार, टीपी-3 के पास सीएचपी एरिया से कोयला वैगन लाने के दौरान गिरे गर्म कोयले से कन्वेयर बेल्ट में आग लगने की आशंका जतायी जा रही है। देखते ही देखते आग ने बेल्ट के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद प्लांट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग से कन्वेयर बेल्ट को काफी नुकसान पहुंचने की बात सामने आयी है। घटना के बाद प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।




