गिरिडीहः जिले से शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है। गिरिडीह नगर निगम के सफाईकर्मी सोनू हाड़ी के शव को कचरा गाड़ी से अस्पताल तक पहुंचाया गया, वो भी तब जब नगर निगम के बेसमेंट में तीन शव वाहन खड़े थे।

जानकारी के अनुसार, पचंबा थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय सोनू हाड़ी नगर निगम में दैनिक सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत थे। तालाब में डूबने से उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए उनका शव सदर अस्पताल ले जाया गया। लेकिन शव को कचरा उठाने वाली गाड़ी से अस्पताल पहुंचाने की तस्वीर सामने आते ही नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे।
सफाईकर्मी के शव को कचरा गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया गया
गिरिडीह से सामने आया शर्मसार करने वाला वीडियो
@GiridihDc @JharkhandCMO @JmmJharkhand @BJP4Jharkhand @JLKMJHARKHAND @ajsupartyjh @JbkssArmy @INCJharkhand_ #JharkhandNews #Jharkhand https://t.co/F2ODAp1o5l— Live Dainik (@Live_Dainik) November 21, 2026
सवाल लापरवाही का या हड़बड़ी का?
सोनू के शव को कचरा ढोने वाले वाहन से अस्पताल लाने की तस्वीर सामने आते ही नगर निगम की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि क्या एक सफाईकर्मी को मौत के बाद भी सम्मानजनक विदाई का हक नहीं है? कुछ दिन पहले ही राज्य सरकार की ओर से गिरिडीह नगर निगम को तीन शव वाहन उपलब्ध कराए गए थे, ताकि किसी की मृत्यु के बाद शव को सम्मानपूर्वक अस्पताल या घर तक पहुंचाया जा सके। लेकिन ये वाहन निगम के बेसमेंट में खड़े-खड़े धूल फांक रहे हैं।सवाल यह उठ रहा है कि जब निगम के अपने ही कर्मचारी को शव वाहन नहीं मिल सका, तो आम जनता को इसका लाभ कैसे मिलेगा?
साथी कर्मियों और परिजनों की गुहार रही अनसुनी
मृतक के परिजनों और साथी सफाईकर्मियों का कहना है कि सोनू का शव मिलने के बाद उन्होंने निगम प्रशासन से शव वाहन उपलब्ध कराने की गुहार लगाई थी। लेकिन समय पर कोई व्यवस्था नहीं हो सकी। आखिरकार, मजबूरी में उन्हें शव को कचरा गाड़ी में रखकर ही पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाना पड़ा।
महापौर और उपमहापौर ने ली सुध
मामले की जानकारी मिलते ही महापौर प्रमिला मेहरा और उपमहापौर सुमित कुमार ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और शव को सम्मानपूर्वक घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की। उपमहापौर सुमित कुमार ने निगम की व्यवस्था और नगर आयुक्त की कार्यशैली पर कड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि तीन-तीन शव वाहन खड़े होने के बावजूद निगम के ही कर्मी का शव कचरा गाड़ी से लाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कर्मियों की मांग के बावजूद नगर आयुक्त ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल मृतक के परिजनों को मुआवजे के तौर पर चार लाख रुपये देने के लिए कार्यवाही शुरू कर दी गई है।




