बिहार में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, पटना से सीवान और बांका से दरभंगा तक डोली धरती

Picture of Live Dainik

Live Dainik

November 24, 2026

बिहार में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, पटना से सीवान और बांका से दरभंगा तक महसूस किए गए झटके

पटनाः बिहार के भी कई जिलों में सुबह-सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। बिहार में सुबह-सुबह धरती डोली है। जानकारी के मुताबिक, पटना, सीवान, शिवहर , अऱरिया, बांका समेत कुछ अन्य जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, भूकंप का असर सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं रहा। भारत के अलावा नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ हिस्सों में भी झटके महसूस किए गए। नेपाल में आए भूकंप का असर बिहार के कई जिलों में देखने को मिला।

नेपाल में 5.4 तीव्रता का भूकंप
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, नेपाल के कोशी प्रांत में लेलेप के पास सुबह करीब 7:02 बजे 5.4 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र पूर्वी नेपाल के ताप्लेजुंग जिले के आसपास सिक्किम सीमा के नजदीक बताया गया है। यह सिक्किम के गेजिंग से करीब 68 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था। भूकंप के झटके पूर्वी नेपाल के पहाड़ी और तराई वाले इलाकों के अलावा भारत के सिक्किम, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। इसके झटके भारत, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ हिस्सों में महसूस किए गए। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए।

See also  पटना में 'डॉग बाबू' का निवास प्रमाण पत्र बनाने के मामले में डीएम की कार्रवाई, एक निलंबित, दूसरा बर्खास्त

कई जिलों में लोगों ने महसूस किया कंपन
बिहार में पटना, दरभंगा, सुपौल, अररिया, शिवहर, बेगूसराय और सिवान समेत कई इलाकों से भूकंप के झटके महसूस होने की जानकारी सामने आई है। सुबह के समय अचानक धरती हिलने का अहसास होने से लोग एक-दूसरे से इसकी जानकारी लेते दिखे।फिलहाल बिहार के किसी भी जिले से जान-माल के नुकसान या किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

2015 में नेपाल में आया था 7.8 तीव्रता का भूकंप
नेपाल के हालिया इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में 25 अप्रैल 2015 को आया भूकंप भी शामिल है। इसकी तीव्रता 7.8 मापी गई थी। इस भूकंप ने नेपाल के बड़े हिस्से को प्रभावित किया था। पूर्वी हिमालय से लेकर मध्य नेपाल तक का क्षेत्र अतीत में कई शक्तिशाली भूकंपों का सामना कर चुका है।
भूवैज्ञानिक अध्ययनों के मुताबिक, भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों के बीच लगातार होने वाली हलचल हिमालयी क्षेत्र में भूकंप की प्रमुख वजह है। भारतीय प्लेट के यूरेशियन प्लेट की ओर बढ़ने और उनके बीच टकराव से इस क्षेत्र में भूगर्भीय तनाव पैदा होता रहता है।

See also  तेज प्रताप और अनुष्का यादव प्रकरणः किसी भी बेटी के साथ अन्याय ना हो- बोले चिराग पासवान
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now