डेस्कः हौती विद्रोहियों ने इजराइल की राजधानी तेल अवीव के एयरपोर्ट के पास मिसाइल दागी है जिसके बाद एयर इंडिया को अपना विमान डाइवर्ट करना पड़ा है । बेन गुरियन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार सुबह हुए मिसाइल हमले के बाद दिल्ली से तेल अवीव जा रही एयर इंडिया की उड़ान AI139 को अबू धाबी की ओर मोड़ना पड़ा। एयर इंडिया ने सुरक्षा कारणों के चलते 6 मई (मंगलवार) तक तेल अवीव के लिए सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है।
हौती मिलिशिया ने ली हमले की जिम्मेदारी
इंटरनैशनल न्यूज एजेंसी के मुताबिक यमन आधारित हौती मिलिशिया द्वारा दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल इज़राइल के सबसे व्यस्त बेन गुरियन अंतरराष्ट्रीय कैंपस में आकर गिरी। इस हमले में कुछ लोग घायल हुए हैं। हौती संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए यह धमकी दी है कि अब तेल अवीव का हवाई अड्डा यात्रियों के लिए सुरक्षित नहीं है। गौरतलब है कि गाजा में इज़राइली सैन्य कार्रवाई के विरोध में हौती समूह हाल के महीनों में कई हमले कर चुका है।
HOUTHI BALLISTIC MISSILE STRUCK NEAR TEL AVIV’S BEN GURION AIRPORT — FLIGHTS WERE SUSPENDED
A missile launched from Yemen by Iran-backed Houthi forces struck just outside Ben Gurion International Airport. Authorities reported no damage to the airport or surrounding… pic.twitter.com/wSDu7T7SQF
— AirNav Radar (@AirNavRadar) May 4, 2025
फ्लाइट AI139 को अबू धाबी डायवर्ट किया गया
एयर इंडिया की फ्लाइट AI139, जो दिल्ली से तेल अवीव जा रही थी, को जोर्डन के हवाई क्षेत्र में रहने के दौरान अचानक अबू धाबी की ओर मोड़ दिया गया। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, यह विमान उस समय तेल अवीव से लगभग एक घंटे की दूरी पर था। एयर इंडिया ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि फ्लाइट अबू धाबी में सामान्य रूप से उतरी और अब दिल्ली के लिए वापस रवाना की जाएगी।
फ्लाइट संचालन पर अस्थायी रोक
हमले के बाद कुछ समय के लिए तेल अवीव हवाई अड्डे पर विमानों की आवाजाही रोक दी गई थी। इससे कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अन्य गंतव्यों की ओर मोड़ना पड़ा। एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आगे की उड़ानों पर निर्णय लिया जाएगा।




