रांची। झारखंड में जारी छात्र आंदोलन के बीच सरकार की ओर से प्रदर्शनकारी छात्रों की JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने की मांग मान लिए जाने के बाद भी आंदोलन खत्म होने के आसार नहीं हैं। छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि सरकार ने परीक्षा रद्द करने की मांग तो मान ली है, लेकिन अभी तक CBI जांच की मांग स्वीकार नहीं की गई है।उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक CBI जांच की मांग नहीं मानी जाती, तब तक छात्रों का आंदोलन जारी रहेगा।
रवींद्र पासवान ने कहा, “अभी CBI जांच की मांग नहीं मानी गई है और जब तक CBI जांच की मांग नहीं मानते हैं, हम लोग आंदोलन करते रहेंगे।” उन्होंने संकेत दिया कि छात्र संगठन आगे भी आंदोलन को बड़े स्तर पर ले जाने की तैयारी में हैं। उनके बयान के बाद साफ है कि परीक्षा रद्द करने के सरकार के फैसले के बावजूद CBI जांच को लेकर सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच गतिरोध बना हुआ है।

JSSC-CGL समेत TDPL के जरिए हुई सभी भर्तियां रद्द, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया बड़ा ऐलान
हांलाकि छात्रों के आंदोलन के संस्थापक और जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में शुरुआती टेंट लगाने वाले रामअवतार महतो ने कहा कि सरकार ने हमारी सारी मांन ली है लिहाजा अनशन और आंदोलन को खत्म माना जाना चाहिए । उन्होंने ये भी कहा कि जब सारे एग्जाम्स कैंसिल कर दिए गए हैं तो सीबीआई जांच के मांग के मायने नहीं हैं। उन्होंने ये भी कहा कि अब छात्रों का यहां हटने का वक्त आ गया है और बाबूलाल मरांडी चाहें तो धरने पर बैठ सकते हैं।
इधर जैसे ही छात्रों को खबर मिली है कि हेमंत सोरेन प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जश्न का माहौल बन गया । मंच पर मौजूद छात्रों के आंसू छलक पड़े । एक-दूसरे को बधाईयां देने लगे । पूरे मैदान में जबरदस्त उत्साह का माहौल था । गाने-बाजे के साथ छात्रों का पूरा हुजूम इस जश्न में शामिल नजर आया ।






