दारोगा पीड़ित युवती से फोन पर करता था गंदी बात, एसएसपी ने की कार्रवाई

Picture of Live Dainik

Live Dainik

October 25, 2026

दारोगा पीड़ित युवती से फोन पर करता था गंदी बात, एसएसपी ने की कार्रवाई

डेस्कः बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक दारोगा की करतूत ने वर्दी की साख पर दाग लगाने का काम किया है। प्यार में धोखा खाई जिस युवती ने थाने में शिकायत कराई थी उस युवती को दारोगा ही परेशान करने लगा। अहियापुर थाने में पदस्थापित दरोगा ललन कुमार को एक युवती से फोन पर अश्लील बातें करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सीनियर पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के सत्यापन के बाद यह सख्त कार्रवाई की है। साथ ही, आरोपी दरोगा के खिलाफ विभागीय कार्यवाही (प्रोसिडिंग) चलाने का भी आदेश दिया गया है।

जानिए क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, अहियापुर इलाके की एक युवती ने अपने प्रेमी नीरज नवाब पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई थी। युवती का आरोप था कि उसके प्रेमी ने उसे धोखा दिया है और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर 8 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा है। अहियापुर थाने में दर्ज इस मामले की जांच दरोगा ललन कुमार को सौंपी गई थी।

See also  बोकारो में जोरदार धमाका, मकान के दो कमरे और किचेन क्षतिग्रस्त, PNG गैस पाइपलाइन में लीकेज की आशंका

जांच के बजाय शुरू कर दी प्रताड़ना
पीड़िता का आरोप है कि केस में न्याय दिलाने या सही से जांच करने के बजाय दरोगा ललन कुमार ने उसे अपना शिकार बनाना शुरू कर दिया। दरोगा अक्सर उसे देर रात फोन करता था और फोन पर अनुचित, अमर्यादित व आपत्तिजनक बातें कर मानसिक रूप से परेशान करने लगा।

एसएसपी के पास पहुंची पीड़िता, SDPO ने की जांच
दरोगा की हरकतों से तंग आकर पीड़िता ने सीधे एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा से मिलकर इसकी शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने एसडीपीओ नगर-2 को इसकी आंतरिक जांच का जिम्मा सौंपा। जांच के दौरान पीड़िता ने एसडीपीओ के सामने दरोगा द्वारा किए गए कॉल्स के डिटेल और बातचीत की रिकॉर्डिंग के पुख्ता सबूत पेश किए। इसके बाद आरोपी दरोगा से भी पूछताछ की गई।

पद का दुरुपयोग और घोर अनुशासनहीनता
एसडीपीओ द्वारा सौंपी गई जांच रिपोर्ट और सबूतों के सत्यापन के बाद यह स्पष्ट हुआ कि दरोगा ललन कुमार ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए परिवादिनी (पीड़िता) के साथ संदिग्ध और अशोभनीय आचरण किया है। एसएसपी ने इसे पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाला, कर्तव्यहीनता और घोर अनुशासनहीनता का गंभीर परिचायक बताया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया गया है, जिन्हें निलंबन अवधि के दौरान केवल जीवन यापन भत्ता ही मिलेगा। पुलिस महकमे में इस कार्रवाई के बाद से हड़कंप मच गया है।

See also  ‘चंपाई सोरेन अपनी सीट पर हार गए, मैं CM होता तो इस्तीफा दे देता, झारखंड सरकार सबसे भ्रष्ट’ - शिवराज और हेमंता ने ऐसे बोला राज्य सरकार पर हमला
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now