रांचीः राजधानी रांची के चर्चित ट्रिपल मर्डर केस में कोर्ट ने मंगलवार को बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने हत्याकांड के मामले में 11 आरोपियों को दोषी करार दिया है, जिसमें एक महिला शामिल है। अपर न्याययुक्त अरविंद कुमार की अदालत ने इस मामले में सजा के ऐलान के लिए 17 सितंबर की तारीख मुकर्रर की है। यह सनसनीखेज मामला ओरमांझी के गुंजा देवन जारा गांव का है, जहां जमीन और फसल के छोटे से विवाद ने तीन हंसते-खेलते लोगों की जिंदगी छीन ली थी।
मकई के खेत से शुरू हुई थी खूनी दास्तान
यह पूरी घटना 31 अगस्त 2023 की है। हुआ यूं कि एक सुअर ने खेत में लगी मकई की फसल को चरकर नुकसान पहुंचा दिया था। इसी बात को लेकर मृतक झामेश्वर बेदिया और आरोपी पक्ष के बीच तीखी झड़प हुई थी, जिसमें गुस्से में आकर झामेश्वर ने आरोपी पक्ष के एक सदस्य की पिटाई कर दी थी। यही मामूली सी बात गोतिया के बीच रंजिश बन गई। इसके बाद एक ही परिवार के तीन सदस्यों को मौत के घाट उतार दिया गया।

घर में घुसकर कुदाल और चापड़ से किया था अंधाधुंध वार
आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से 31 अगस्त को करीब 11 बजे दिन में झामेश्वर बेदिया के घर पर हमला बोल दिया।हमले के वक्त घर पर झामेश्वर, उसकी दोनों पत्नियां सरिता देवी और संजू देवी तथा उनका भतीजा मौजूद था। हमलावरों ने कुदाल, चापड़ और दबली जैसे हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर झामेश्वर और उसकी दोनों पत्नियों को मार डाला। इस वारदात में मारी गई सरिता देवी गर्भवती भी थीं।




