रांचीः केरलम में गुरुवार को मानसून ने दस्तक दे दी है, लेकिन झारखंड के लोगों को इसके लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा। झारखंड के लोग फिलहाल गर्मी और उमस से परेशान है। राजधानी रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 35.6 सेल्सियस दर्ज किया गया, रात में कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हुई।वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
दोपहर बाद बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग ने शुक्रवार यानी 5 जून को रांची समेत राज्य के कई जिलों में दोपहर बाद मौसम बदलने की संभावना जताई है। 5 जून को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और निकटवर्ती मध्य भागों को छोड़कर शेष क्षेत्रों में कहीं-कहीं वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, कल रांची सहित कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार है। मौसम विभाग के मुताबिक, 6 जून को राज्य में आंशिक रूप बादल छाए रहने की संभावना है।साथ ही, कई स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
7-8 जून का मौसम
पूर्वानुमान के अनुसार, 7 जून को राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश और गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं, 8 जून को राज्य के पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भागों में कुछ स्थानों पर गर्जन और वज्रपात की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मानसून की गति धीमी, झारखंड पहुंचने में लगेगा समय
झारखंड में 17 से 20 जून 2026 के बीच संताल परगना के रास्ते मानसून के प्रवेश करने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की गति अभी धीमी है। इसका असर अन्य राज्यों में इसके पहुंचने पर भी पड़ सकता है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी बनी रहने का अनुमान है।कहीं-कहीं गरज वाले बादल बन सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है, मानसून के झारखंड पहुंचने में अभी समय है।


