रांचीः झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितयां अनुकूल बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में राज्य में सर्वाधिक बारिश 46.4 मिमी तिलैया डीवीसी (कोडरमा) में दर्ज की गयी। इसके अलावा चंदवा में 45.2 और रांची के कांके में 42.5 मिमी बारिश रिकार्ड की गयी। रविवार शाम को राजधानी रांची में करीब तीन घंटे मुसलाधार बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार से पांच दिन में मॉनसून झारखंड के शेष हिस्सों में फैल जायेगा। राज्य के विभिन्न जिलों में पिछले 24 घंटे घंटों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गयी। मौसम विभाग के अनुसार समुद्र तल पर मौसमी टर्फ पश्चिम राजस्थान से गंगेटिक पश्चिम बंगाल तक झारखंड होते हुए गुजर रही है, जिससे एक सिस्टम सक्रिय बना हुआ है। इसका असर अगले कुछ दिनों में झारखंड में दिख सकता है।
रांची में रविवार को हुई मुसलाधार बारिश
रांची में शाम करीब 6 बजे से शुरू हुई बारिश रात 9 बजे तक होती रही। करीब तीन घंटे में ही 20 मिमी से ज्यादा बारिश हो गयी। इस दौरान शहर की प्रमुख सड़क जलमग्न हो गई। नालियां उफन कर सड़क पर आ गयी। सबसे खराब स्थिति सेवा सदन रोड़, अड्डकिया रोड़ और बड़ा तालाब के किनारे की सड़कों की हो गई। यह क्षेत्र पूरी तरह जलमग्न हो गया। लक्ष्मी-नारायण मंदिर, दवा दुकान, अस्पताल परिसर में भी पानी-प्रवेश कर गया। सड़कर पर करीब तीन से चार फीट तक पानी जमा हो गया।
मुसलाधार बारिश से मेन रोड़ स्थित राज अस्पताल परिसर में बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल परिसर में निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्डे की मिट्टी अचानक धंस गई। इस वजह से वहां खड़ी चार कार गड्डे में गिर गई। गनीमत थी कि कार में कोई बैठा नहीं हुआ था। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि यहां भर्जी मरीज को देखने आए थे, उनकी ही कार है। कार पर दीवार गिरने के बाद अस्पताल प्रबंधन की ओर से आनन-फानन में क्रेन मंगाकर सभी कारों को बाहर निकाला गया।

आज और कल ऑरेंज अलर्ट, पारा भी चढ़ेगा
मौसम विभाग रांची केंद्र के अनुसार, 15 और 17 जून को राज्य के अधिकतर जिलों में बारिश होगी। रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और बारिश की संभावना है। गर्जन के साथ वज्रपात भी हो सकती है। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 17 और 18 जून को भी राज्य के अधिकांश जिले में बारिश-आंधी का येला अलर्ट जारी किया गया है।
यहां उमस भरी गर्मी का अधिक रहेगा असर
वहीं, राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों जैसे पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने के कारण उमस भरी गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 37-38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। खासकर पलामू प्रमंडल में दिन का तापमान अन्य जिलों की तुलना में अधिक रहने की संभावना है।







