धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता, गैंगस्टर प्रिंस खान का भाई बंटी खान गिरफ्तार

Picture of Live Dainik

Live Dainik

September 14, 2026

धनबाद: दुबई में बैठकर कथित तौर पर वसूली गिरोह का संचालन कर रहे वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रिंस खान के भाई बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से हुई इस कार्रवाई के बाद बंटी खान को धनबाद लाया गया है।

पुलिस के अनुसार, बंटी खान फर्जी दस्तावेजों के जरिए दुबई भागने की तैयारी में था। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़ने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक वैध पासपोर्ट, एक फर्जी पासपोर्ट और वीजा बरामद होने की बात सामने आई है।

कई गंभीर मामलों में आरोपी है बंटी खान

बंटी खान के खिलाफ धनबाद में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी।

See also  गुरुजी क्रेडिट कार्ड में 04 की जगह 10.65 प्रतिशत ब्याज वसूल रहे बैंक, वित्त मंत्री ने कहा गड़बड़ी मिली तो कार्रवाई होगी

बंटी खान पर वासेपुर में गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान को निशाना बनाकर उसके चालक बबली खान उर्फ हैदर अंसारी पर गोली चलाने के मामले में भी आरोप है। इसी गोलीकांड के बाद पुलिस ने बंटी की भूमिका को लेकर जांच तेज की थी।

जमानत पर जेल से निकलने के बाद था फरार

बताया जा रहा है कि बंटी खान और गोडविन पहले धनबाद जेल में बंद थे। बबली खान पर गोली चलने की घटना से करीब तीन दिन पहले बंटी जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद गोलीकांड होने पर वह धनबाद से फरार हो गया था।

गोलीकांड के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए प्रिंस खान के ऑडियो और वीडियो के आधार पर पुलिस को बंटी की भूमिका पर संदेह हुआ। इसके बाद उसे मामले में आरोपी बनाया गया और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

बैंक मोड़ थाने में पूछताछ जारी

गिरफ्तारी के बाद बंटी खान को बैंक मोड़ थाना लाया गया है, जहां धनबाद पुलिस के कई वरीय अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या बंटी अपने भाई गोपी खान के पास दुबई भागने की तैयारी में था। हालांकि, इस संबंध में अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

See also  दिल्ली बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का निधन, 94 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

पुलिस बंटी से उसके आपराधिक नेटवर्क, प्रिंस खान से संपर्क और दुबई जाने की कथित तैयारी को लेकर भी पूछताछ कर रही है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now