पटनाः बिहार की महिला उद्यमियों के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अब महिलाओं को दूसरी किस्त के रूप में 2 लाख रुपये तक की राशि मिलने का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई। सरकार के अनुसार, जिन महिलाओं को पहले चरण में 10 हजार रुपये मिल चुके हैं और जिन्होंने उस राशि से रोजगार शुरू किया है, उनका 6 महीने बाद आकलन किया जाएगा।
आकलन पूरा होते ही योग्य महिला उद्यमियों को दूसरी किस्त की राशि दी जाएगी। यानी जिन महिलाओं ने 6 माह पहले रोजगार शुरू कर दिया है, उन्हें जल्द ही 2 लाख रुपये तक मिल सकते हैं। दूसरी किस्त की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे महिला लाभुक के खाते में भेजी जाएगी। इसके लिए महिला को अलग से आवेदन नहीं करना होगा, बल्कि सरकारी टीम द्वारा किए गए आकलन के आधार पर राशि स्वीकृत की जाएगी।
पटना फतुहा में जमीनी विवाद ने ली हिंसक रूप, फायरिंग में महिला की मौत, दो घायल
किन शर्तों पर मिलेगी 2 लाख की सहायता
सरकार ने साफ किया है कि दूसरी किस्त तभी दी जाएगी, जब—
- पहली किस्त (10 हजार रुपये) का रोजगार में सही उपयोग हुआ हो
- व्यवसाय सक्रिय रूप से चल रहा हो
- आकलन रिपोर्ट संतोषजनक हो
- अच्छा रोजगार होने पर एकमुश्त राशि भी दी जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर दी जानकारी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर बताया कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि चयनित लाभुकों को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और शेष आवेदकों को भी नियमानुसार लाभ दिया जाएगा।
सरकार ने निर्देश दिया है कि महिला उद्यमियों द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री और मार्केटिंग की व्यवस्था की जाए। उन्हें दीदी की रसोई, पोशाक निर्माण, सुधा बिक्री केंद्र जैसे सरकारी कार्यों से भी जोड़ा जाएगा। अब तक 1 करोड़ 56 लाख महिलाओं को पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये दिए जा चुके हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शेष पात्र महिलाओं को भी जल्द डीबीटी से राशि दी जाएगी।
सरकार का मानना है कि इस योजना से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा और परिवार की आय बढ़ेगी।इससे रोजगार के लिए बिहार से बाहर जाने की मजबूरी भी कम होगी।
बिना शादी सेक्स और शराब पीने पर तालिबानी सजा, इंडोनेशिया में प्रेमी जोड़े को मारे 140 कोड़े




