लोहरदगा : दीपावली और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए लोहरदगा पुलिस ने सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया है। पर्व-त्योहारों के दौरान शांति भंग करने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। जुआ खेलने और खिलाने वालों के साथ अवैध शराब के कारोबारियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। शहर से लेकर प्रखंड क्षेत्र के बाजारों, प्रमुख चौक-चौराहों, पूजा स्थलों और छठ घाटों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। इसके साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर वाहनों की नो-इंट्री लागू की जाएगी। इन तैयारियों और जिले की अपराध नियंत्रण व्यवस्था की समीक्षा को लेकर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में एसपी सादिक अनवर रिजवी की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सभी थाना और ओपी प्रभारियों को त्योहारों के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पहले से आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया।

त्योहार की आड़ में गड़बड़ी करने वालों पर रहेगी नजर
एसपी ने स्पष्ट किया कि पर्व-त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को गंभीरता से लिया जाएगा। असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए थाना स्तर पर विशेष निगरानी और छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया। उन्होंने बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। धनतेरस के दिन बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। जवान प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार भ्रमणशील रहेंगे। यातायात का दबाव कम करने के लिए आवश्यक स्थानों पर वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। दीपावली के दिन भी संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त और निगरानी जारी रहेगी। गोवर्धन पूजा, भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर संबंधित पूजा स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। वहीं, छठ महापर्व के दौरान शहर के अलग-अलग घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाएगी। अर्घ्य के समय घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों और प्रमुख सड़कों पर विशेष चौकसी बरती जाएगी। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

गंभीर मामलों के अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश
बैठक में एसपी ने जिले के विभिन्न थानों में लंबित आपराधिक मामलों की एक-एक कर समीक्षा की। हत्या, चोरी, गृहभेदन और महिला उत्पीड़न जैसे गंभीर मामलों में अनुसंधान की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और लंबित वारंटों के निष्पादन को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। एसपी ने कहा कि गंभीर आपराधिक मामलों में अनुसंधान की गति धीमी नहीं होनी चाहिए। पुलिस पदाधिकारियों को साक्ष्य संकलन से लेकर आरोपितों की गिरफ्तारी तक हर स्तर पर सक्रियता दिखानी होगी। महिला उत्पीड़न और एससी-एसटी अधिनियम से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर अनुसंधान पूरा कर न्यायालय में आरोप पत्र समर्पित करने का निर्देश दिया। ऐसे मामलों में अनावश्यक विलंब से पीड़ितों को न्याय मिलने में परेशानी होती है। इसलिए संबंधित पदाधिकारी इन मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं।

लापरवाही पर होगी विभागीय कार्रवाई
एसपी सादिक अनवर रिजवी ने पुलिस पदाधिकारियों को कार्यशैली में अनुशासन, सक्रियता और जवाबदेही बनाए रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्तव्य के प्रति उदासीनता और काम में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाने, विशेषकर रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा। थाना प्रभारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश भी दिया गया। एसपी ने कहा कि स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सूचनाएं संभावित विवाद और अप्रिय घटनाओं को समय रहते रोकने में मददगार साबित हो सकती हैं।


अपराध की समीक्षा बैठक में इनकी रही मौजूदगी
बैठक में एसपी सादिक अनवर रिजवी, सीनियर डीएसपी समीर तिर्की, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, दीवाकर कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी अमित कुमार, विधि सलाहकार विवेक कुमार, सार्जेंट मेजर शेरू रंजन, इंस्पेक्टर सह सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर समेत जिले के सभी थाना और ओपी प्रभारी उपस्थित थे। इनमें कुडू थाना प्रभारी नीरज झा, सेन्हा थाना प्रभारी मनोज कुमार, किस्को थाना प्रभारी वारिश हुसैन, भंडरा थाना प्रभारी मनोज गुप्ता, कैरो थाना प्रभारी रवि रंजन, जोबांग थाना प्रभारी विष्णु रजक, बगड़ू थाना प्रभारी अविनाश राम, सेरेंगदाग थाना प्रभारी नरेश यादव, महिला थाना प्रभारी विनिता हेम्ब्रम और एसटी-एससी थाना प्रभारी लक्ष्मण हांसदा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।






