लोहरदगा: विश्व तम्बाकू निषेध दिवस-2026 के अवसर पर जिले में तम्बाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा जिलेवासियों से तम्बाकू एवं तम्बाकूजनित उत्पादों के सेवन से दूर रहने की अपील की।
उपायुक्त ने कहा कि तम्बाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है और यह कई गंभीर बीमारियों का कारण बनता है। उन्होंने युवाओं एवं आम नागरिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर तम्बाकू मुक्त समाज की दिशा में सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। जागरूकता रथ के माध्यम से जिले में तम्बाकू निषेध से संबंधित संदेशों एवं नारों के जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

हस्ताक्षर अभियान में दिखी सहभागिता
समाहरणालय परिसर में कार्यक्रम के दौरान ‘नो टोबैको’ हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत जिला स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों, सहिया एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उपस्थित लोगों ने हस्ताक्षर कर तम्बाकू मुक्त जीवन अपनाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

उपायुक्त ने दिलाई तम्बाकू निषेध की शपथ
विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर उपायुक्त ने जिले के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तम्बाकू एवं निकोटीन युक्त उत्पादों के सेवन से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। इस दौरान सभी ने सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, पान मसाला, हुक्का, ई-सिगरेट, वेपिंग तथा अन्य नशीले एवं व्यसनी उत्पादों का सेवन नहीं करने तथा दूसरों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
तंबाकू के नुकसान को गया बताया
उपायुक्त ने कहा कि तम्बाकू एवं निकोटीन उत्पाद स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदायक हैं तथा युवाओं और बच्चों को इसकी लत से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से अपने परिवार, कार्यस्थल एवं समाज में तम्बाकू मुक्त वातावरण बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने तम्बाकू सेवन से होने वाले कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों सहित अन्य गंभीर रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करने, तम्बाकू नियंत्रण संबंधी कानूनों का सम्मान करने तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ झारखंड-भारत के निर्माण में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा सहित जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, कर्मचारी, सहिया और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।


