दिल्लीः लोकसभा में सदस्यों द्वारा शपथ ग्रहण में नारेबाजी करना अब बंद हो जाएगा । चाहे असदुद्दीन ओवैसी का जय फिलिस्तीन हो या फिर छत्रपाल सिंह गंगवार का जय हिन्दू राष्ट्र का नारा । अब इस तरह के नारे कम से कम शपथ ग्रहण के दौरान सुनने को नहीं मिलेंगे । लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने इन नियमों में संशोधन कर दिए हैं ।
शपथ ग्रहण के नियमों में क्या बदलाव हुए
शपथ ग्रहण के लिए दिए गए निर्देशों में ‘निर्देश-1’ में एक नया खंड जोड़ा है, जो नियमों का हिस्सा नहीं था। निर्देश-1 में संशोधन के अनुसार, नया खंड-तीन अब यह कहता है कि एक सदस्य जब शपथ लेगा और उस पर हस्ताक्षर करेगा तो वह उपसर्ग या प्रत्यय के रूप में किसी भी शब्द का उपयोग या अभिव्यक्ति नहीं करेगा। यानी कोई टिप्पणी नहीं करेगा।
‘जय फिलिस्तीन’ और ‘जय हिन्दू राष्ट्र’ पर विवाद
गौरतलब है कि अठारहवीं लोकसभा में सांसदों द्वारा शपथ ग्रहण के दौरान कई तरह के नारे लगाए गए । जिनमें सबसे अधिक चर्चा हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी द्वारा ‘जय फिलिस्तीन’ का नारा और बीजेपी के सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार द्वारा ‘जय हिन्दू राष्ट्र’ के नारे की रही । औवैसी के नारे की शिकायत तो राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तक चली गई जहां उन्हें उनकी सदस्यता रद्द करने की मांग की गई थी । राहुल गांधी ने भी जय संविधान का नारा लगाया था । स्पीकर के मना करने के बावजूद कई सदस्यों ने राजनीतिक और धार्मिक नारों का इस्तेमाल किया था ।






