अरवल: जिले के सदर प्रखंड की रामपुर वैना पंचायत में तैनात राजस्व कर्मचारी शिवमंगल पासवान को निगरानी विभाग की टीम ने गुरुवार को 16 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। जमीन की मापी में सुधार करने के एवज में परिवादी से कुल 20 हजार रुपये की मांग की गई थी। इसमें चार हजार रुपये पहले ही ऑनलाइन दिए जा चुके थे, जबकि बाकी 16 हजार रुपये लेते समय निगरानी टीम ने कर्मचारी को दबोच लिया।
जमीन की मापी सुधारने के नाम पर मांगी रकम
अरवल सदर थाना क्षेत्र के उमैराबाद बाजार निवासी रविंद्र कुमार सोनी ने राजस्व कर्मचारी पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार जमीन की मापी में सुधार करने के लिए 20 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की प्रारंभिक जांच की।

शिकायत सही मिली तो बनाई गई धावादल की टीम
निगरानी विभाग के डीएसपी वसीम फिरोज के अनुसार, इसी महीने रिश्वत मांगने की शिकायत प्राप्त हुई थी। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद मामला दर्ज किया गया और आरोपित को पकड़ने के लिए धावादल का गठन किया गया। इसके बाद टीम ने तय योजना के तहत कार्रवाई शुरू की।





