डेस्कः रामगढ़-रांची फोरलेन मार्ग की चुटूपालू घाटी में शुक्रवार की शाम करीब 5.30 बजे एक हाइवा अनियंत्रित होकर कई वाहनों से टकरा गया। हाइवा रांची की ओर से रामगढ़ की तरफ आ रहा था। हादसे में रांची से हजारीबाग जा रही यात्री बस भी चपेट में आ गयी। बस में सवार कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आयी हैं।
बाइक सवार घायल
हादसे में एक ट्रक और बाइक भी इसकी चपेट में आ गये। बाइक सवार रामगढ़ निवासी 55 वर्षीय सुशील कुमार सिंह घायल हो गये।उन्हें पुलिस की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया।

दो घंटे बाधित रहा आवागमन
हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का प्रयास किया। सड़क पर हाइवा समेत अन्य वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। बाद में दो हाइड्रा की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ। जाम के कारण सड़क से गुजरने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है. हादसे की जांच की जा रही है।





