रांचीः शनिवार को आजसू पार्टी और सुदेश महतो को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव और 2019 में ईचागढ़ से उम्मीदवार रहे हरेलाल महतो ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
कोल्हान में आजसू के बड़े चेहरों में गिने जाने वाले हरेलाल महतो ने चांडिल से इस्तीफा जारी कर पार्टी नेतृत्व, पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताया है। बताया जा रहा है कि हरेलाल महतो 11 अक्तूबर को भाजपा में शामिल होंगे। हालांकि उनके भाजपा में शामिल होने को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। 11 अक्तूबर को चांडिल में भव्य कार्यक्रम होगा। इसमें भाजपा की सदस्यता वे ग्रहण करेंगे। इसमें प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, अर्जुन मुंडा और रघुवर दास शामिल होंगे।
2019 और 2024 में ईचागढ़ से आजसू प्रत्याशी रहे
हरेलाल महतो पिछले दो विधानसभा चुनावों में ईचागढ़ सीट से आजसू के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। वर्ष 2019 में उन्होंने आजसू प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था और 38,836 वोट हासिल किए थे। वहीं 2024 के विधानसभा चुनाव में भी आजसू ने उन्हें ईचागढ़ से अपना प्रत्याशी बनाया था। इस चुनाव में उन्हें 51,029 वोट मिले और वह दूसरे स्थान पर रहे।

त्यागपत्र में लिखी ये बात
त्यागपत्र में हरेलाल महतो ने लिखा है कि आजसू पार्टी के साथ उनका जुड़ाव हमेशा सम्मान और गौरव का विषय रहा। पार्टी नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताते हुए 2019 और 2024 के विधानसभा चुनाव में ईचागढ़ से चुनाव लड़ने का अवसर दिया। इसके अलावा राज्य के विभिन्न विधानसभा उपचुनावों में उन्हें प्रभारी और सह-प्रभारी के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी मिलीं।

पार्टी नेतृत्व के प्रति जताया आभार
हरेलाल महतो ने अपने पत्र में पार्टी में रहते हुए मिले मार्गदर्शन, सम्मान और सहयोग के लिए वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी से मिले अनुभव और मार्गदर्शन का भविष्य में जनहित और राज्यहित में उपयोग करने का प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आजसू पार्टी और उसके पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति उनका सम्मान हमेशा बना रहेगा। साथ ही पार्टी के उज्ज्वल भविष्य और सभी कार्यकर्ताओं के सफल राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन की कामना की।





