पटनाः राजधानी पटना के चांदनी मार्केट के एक गोदाम में 3 बजे भीषण आग लग गई। आग लगते ही मार्केट में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।चांदनी मार्केट बिजली उपकरण का बिहार का सबसे बड़ा मार्केट माना जाता है।


चांदनी मार्केट में भीषण आग
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की करीब दर्जनभर गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया है। फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। दमकल कर्मियों ने सुरक्षा के मद्देनजर फायर प्रूफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरण पहनकर वेयरहाउस के अंदर और आसपास से आग बुझाने का अभियान चलाया।
आग पर पाया गया काबू
बताया जा रहा है कि काफी मशक्कत के बाद आग पर लगभग काबू पा लिया गया है। हालांकि, वेयरहाउस के अंदर कई जगहों पर आग की लपटों और धुएं के कारण दमकल कर्मी पूरी सावधानी के साथ ऑपरेशन चला रहे हैं। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।
जांच में जुटी टीम
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर आग किस वजह से लगी, इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।अग्निशमन विभाग के अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।
![]()
मची अफरातफरी
घटना के बाद चांदनी मार्केट में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। इलेक्ट्रॉनिक सामान की बड़ी मार्केट होने की वजह से आग के आसपास मौजूद दुकानदार भी काफी चिंतित नजर आए। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग को दूसरे हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किया।
किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
गौरतलब है कि पटना में इससे पहले भी आग की बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। चांदनी मार्केट इलाके के नजदीक स्थित पाल होटल में भी भीषण आग लगी थी, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी। ऐसे में चांदनी मार्केट में आग लगने की घटना के बाद लोगों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
नुकसान का आकलन नहीं
फिलहाल दमकल की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग पर पूरी तरह काबू पाने के साथ-साथ कूलिंग का काम भी किया जा रहा है। आग बुझने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वेयरहाउस में कितना सामान जलकर नष्ट हुआ है और संपत्ति को कितना नुकसान पहुंचा है।





