चाईबासाः हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर सोमवार की सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। भालूलता और जराईकेला रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 387/4 के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक लॉन्ग हॉल मालगाड़ी चलते-चलते अचानक दो हिस्सों में बंट गई। इस तकनीकी खराबी के कारण मुख्य रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है।
कैसे हुई घटना?
जानकारी के अनुसार, लॉन्ग हॉल मालगाड़ी इस रूट से गुजर रही थी, तभी अचानक उसके पिछले हिस्से के दो डिब्बे मुख्य रेक से अलग हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों हिस्सों को आपस में जोड़ने वाली कपलिंग अचानक खुलकर पटरी पर जा गिरी। कपलिंग टूटने या खुलने के कारण ट्रेन दो अलग-अलग हिस्सों में विभाजित हो गई। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई और कोई अन्य जनहानि की सूचना नहीं है।

तीसरी लाइन के सहारे चल रहा ट्रेनः
मालगाड़ी के दो हिस्सों में बंटने से मुख्य अप और डाउन लाइन प्रभावित हुई हैं, जिससे रेल यातायात पर आंशिक असर पड़ा है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस रूट पर तीसरी रेल लाइन पूरी तरह चालू स्थिति में थी। रेलवे प्रशासन ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए यात्री ट्रेनों और अन्य महत्वपूर्ण मालगाड़ियों की आवाजाही तीसरी लाइन के जरिए सुरक्षित रूप से सुनिश्चित की, जिससे यातायात पूरी तरह ठप होने से बच गया।
रेलवे विभाग ने शुरू की जांचः
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी और ऑपरेशनल विभाग के अधिकारी हरकत में आ गए। रेलवे ने इस पूरे मामले की उच्च-स्तरीय जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कपलिंग अचानक कैसे खुली या टूटी, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस घटना के वास्तविक कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, ट्रैक को पूरी तरह सामान्य करने और दोनों हिस्सों को जोड़कर मालगाड़ी को आगे रवाना करने का काम तेजी से किया जा रहा है।




