प्रिंस खान के भाई गोपी और साले ऋतिक के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी, NIA ने कसा शिकंजा

Picture of Live Dainik

Live Dainik

November 21, 2026

प्रिंस खान के भाई गोपी और साले ऋतिक के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी, NIA ने कसा शिकंजा

रांचीः धनबाद के भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने प्रिंस खान के भाई गोपी खान और उसके साले ऋतिक खान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। खुफिया जानकारी के मुताबिक, दोनों फिलहाल दुबई में छिपे हुए हैं और वहीं से झारखंड में अपने गैंग का नेटवर्क संचालित कर रहे हैं।

नन्हें खान हत्याकांड के बाद दुबई भागे थे तीनों
इस मामले की जड़ें वर्ष 2022 के चर्चित नन्हें खान हत्याकांड से जुड़ी हैं। हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए प्रिंस खान, उसका भाई गोपी खान और साला ऋतिक खान धनबाद छोड़कर दुबई भाग गए थे। करीब चार साल पहले प्रिंस खान के खिलाफ भी रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। पुलिस का आरोप है कि गोपी और ऋतिक दुबई में बैठकर धनबाद समेत झारखंड के अन्य जिलों में आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहे हैं। व्यापारियों को धमकी देना, रंगदारी मांगना, दहशत फैलाना और फायरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम दिलाने में उनकी भूमिका बताई जा रही है।

See also  तेजप्रताप यादव उज्जैनी से मिलने जबरन घर में घुसे, अनुष्का के भाई आकाश ने पूर्व मंत्री पर कराई FIR

धनबाद पुलिस की पहल पर अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई
दोनों आरोपियों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई की पहल धनबाद पुलिस ने की थी। पुलिस ने सीबीआई और एनआईए को पत्र लिखकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसी कड़ी में अगस्त 2026 में ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन ने दोनों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था। अब रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद इंटरपोल के सदस्य देशों की पुलिस और जांच एजेंसियों की मदद से उनकी लोकेशन का पता लगाने और उन्हें पकड़ने की कार्रवाई का रास्ता खुल गया है।

प्रिंस खान के भाई बंटी को भी किया गया था गिरफ्तार
प्रिंस खान के आपराधिक नेटवर्क को कमजोर करने के लिए पुलिस उसके परिवार और करीबियों पर भी नजर रख रही है। इसी साल 14 सितंबर को धनबाद पुलिस ने उसके एक अन्य भाई बंटी खान को गिरफ्तार किया था। बंटी पश्चिम बंगाल में छिपकर रह रहा था और दुबई भागने की फिराक में था। उसने पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन दिया था, जिसमें स्थायी पता धनबाद के वासेपुर का दर्ज था। बैंक मोड़ थाने में पासपोर्ट सत्यापन के दौरान पुलिस को उसके ठिकाने का सुराग मिला, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

See also  मंईयां सम्मान योजना की राशि सत्यापन के कारण 3 माह से रूकी, 11 लाख पेंशनरों को भी 2 महीने से भुगतान नहीं

रेड कॉर्नर नोटिस के बाद क्या होगी कार्रवाई?
रेड कॉर्नर नोटिस दुनिया भर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों को किसी वांछित व्यक्ति की तलाश और गिरफ्तारी के लिए जारी की जाने वाली अंतरराष्ट्रीय सूचना है। हालांकि, यह अपने आप में गिरफ्तारी वारंट नहीं होता। इसके आधार पर यदि गोपी खान और ऋतिक खान किसी देश में पकड़े जाते हैं, तो वहां की स्थानीय पुलिस अपने देश के कानूनों के अनुसार उन्हें अस्थायी रूप से हिरासत में ले सकती है। इसके बाद भारत सरकार प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया के जरिए दोनों को वापस लाने की कोशिश करेगी।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now