DESK: झारखंड के गोड्डा जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां के सुंदरपहाड़ी प्रखंड की तिलाबाद पंचायत के संत एल्फोंसा मिशन स्कूल के फादर थॉमस सोरेन पर महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के अनुसार, स्कूल का प्रिंसिपल फादर उनके साथ जबरदस्ती संबंध बनाता था, इस दौरान जब वो गर्भवती हुईं तो दबाव बनाकर गर्भपात भी करवाया गया। इस मामले को लेकर सुंदरपहाड़ी थाने में आवेदन पर FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने मेडिकल जांच के लिए पीड़िता को भेज दिया।
महिला के गर्भवती होने के बाद खुला मामला
तिलाबाद के मुखिया राजेंद्र सोरेन से मिली जानकारी के अनुसार महिला और उसके पति को संत एल्फोंसा मिशन स्कूल में खाना बनाने पर रखा गया था। इस दौरान फादर महिला के साथ जबरन संबंध बनाते थे। आरोप के मुताबिक, मामला तब सामने आया जब महिला गर्भवती हो गई और इसकी जानकारी उसके पति को हुई। पीड़िता का आरोप है कि गर्भवती होने के बाद उसे घर भेज दिया गया। साथ ही गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया।
महिला आयोग की पहल पर दर्ज हुई FIR
इस मामले की जानकारी मिलने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व सदस्य ममता कुमारी ने थाने पहुंचकर पति-पत्नी के माध्यम से आवेदन दिलाया। साथ ही कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर घटना पर चिंता जताई। इस बाबत थाना प्रभारी विधान चंद्र पटेल ने कहा कि पीड़िता के आवेदन पर फादर पर एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस मामले में अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
दबाव बनाकर करवाया गर्भपात
इस मामले को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, महिला और उसका पति प्राइवेट मिशनरी स्कूल में काम करते थे। यहां महिला रसोइया का काम करती थी। महिला को 9 हजार रुपए का वेतन, जबकि उसके पति को 7 हजार रुपए वेतन दिया जाता था। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता का पति स्कूल में खाना बनाता था, जबकि महिला प्रिंसिपल के लिए खाना बनाती थी। महिला ने आरोप लगाया है कि कां करने के दौरान फादर ने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और वो गर्भवती हो गई। इस दौरान दबाव बनाकर उसका गर्भपात भी करवाया गया, जिसमें 60 हजार रुपए खर्च हुए। बाद में जब फादर ने कहा कि वो इस पैसे की वसूली महिला के पति से करेगा, तभी मामला खुल जाता है और एफआईआर दर्ज की जाती है।







