हजारीबाग: जिले में अड्डेबाजी करने वालों तथा सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह जमावड़ा लगाकर लोगों को परेशान करने वाले मनचलों के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 2 अक्टूबर की रात जिलेभर में विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया।

सभी पुलिस उपाधीक्षकों एवं पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में कुल 45 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसमें 191 पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल थे। गठित टीमों ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अड्डेबाजी और मनचलों के जमावड़े वाले कुल 108 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।


इस दौरान पुलिस ने 47 मनचले व्यक्तियों को पकड़कर थाने लाया। हालांकि, पूछताछ और आवश्यक हिदायत देने के बाद सभी को पीआर बांड पर छोड़ा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक जमावड़ा लगाने, अड्डेबाजी करने और आम लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।







