रामगढ़ः शनिवार की सुबह गिद्दी थाना क्षेत्र में राहुल दुबे गैंग के अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में दो अपराधियों को गोली लगी है और एक जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा है।घायल दोनों अपराधियों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल से दो देशी पिस्टल, गोलियां, खोखे, मोबाइल फोन, राहुल दुबे के नाम के तीन पर्चे तथा बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने रोकी तो भागने लगे अपराधी
गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन ने बताया कि शनिवार की रात करीब 2.30 बजे सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से राहुल दुबे के कुछ गुर्गे मोटरसाइकिल से गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी एवं ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए पहुंचने वाले हैं।सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव तथा सशस्त्र बल के जवानों की टीम रवाना हुई।
सूचना के आधार पर गिद्दी-भुरकुंडा मार्ग स्थित बंद गिद्दी वाशरी के पुराने 40 टन कांटा घर रोड के आसपास सघन वाहन जांच शुरू की गई। करीब 3.50 बजे भुरकुंडा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखते ही उन्होंने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया। भागने के दौरान मोटरसाइकिल गिर गई।इसके बाद तीनों सड़क बगल जंगल की ओर भागने लगे। बताया कि जंगल में जाने के बाद अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन ने छह राउंड तथा उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव ने पांच राउंड फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों को गोली लगी। दोनों के पैर में गोली लगी है।


घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार निवासी हनुमानगढ़ी, पतरातू, रामगढ़ तथा मोहित कुमार उर्फ पीटर निवासी रसदा, बासल थाना रामगढ़ क्षेत्र के रूप में हुई है। बादल कुमार के दाहिने पैर में तथा मोहित कुमार उर्फ पीटर के बाएं पैर में गोली लगी है। वहीं, तीसरा अपराधी जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में छापामारी कर रही है।
पुलिस ने बादल कुमार के पास से एक मोबाइल फोन, राहुल दुबे के नाम के तीन पर्चे, एक देशी पिस्टल, दो खोखे, चैंबर में मिसफायर हुई एक गोली तथा एक जिंदा गोली बरामद की। वहीं मोहित कुमार उर्फ पीटर के पास से एक मोबाइल फोन, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा गोली और दो खोखे बरामद हुए। इसके अलावा बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
घटना की कार्रवाई में गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव, गिद्दी थाना के एएसआई सुनील महतो, चंदन उरांव समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। वहीं पुलिस ने बरामद हथियार, गोली, खोखे, पर्चे और अन्य सामान को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस की छापामारी जारी है।
पुलिस मुठभेड़ में दो अपराधी घायल, एक जंगल में भागा
पुलिस ने दो देशी पिस्टल, गोलियां, खोखे, दो मोबाइल फोन, राहुल दुबे के नाम के तीन पर्चे तथा बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है।







