जहानाबादः जिले के मखदुमपुर प्रखंड स्थित राजकीय मध्य विद्यालय माछिल से जुड़ा एक कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में स्कूल के एक शिक्षक और शिक्षिका सीढ़ियों पर अशोभनीय हरकत करते नजर आने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि स्कूल संचालन के दौरान किसी ने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो की लाइव दैनिक पुष्टि नहीं करता है।
वहीं, संबंधित शिक्षक और शिक्षिका ने कैमरे पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। मामले को लेकर शिक्षा विभाग में भी हलचल है। वायरल वीडियो के संबंध में पूछे जाने पर शिक्षा विभाग के डीपीओ स्थापना रमेश कुमार पाल ने बताया कि विभाग को भी वीडियो की जानकारी मिली है। फिलहाल विभाग की ओर से वीडियो की जांच करायी जा रही है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहे शिक्षक और शिक्षिका की पहचान कर ली गयी है। दोनों से विभाग की ओर से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है।
डीपीओ ने कहा कि जांच में वायरल वीडियो सही पाया जाता है, तो संबंधित शिक्षक और शिक्षिका के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी। फिलहाल विभागीय जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




