भागलपुर। अगर आप भी अपना पुराना मोबाइल खराब होने पर किसी को बेच रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। कहीं ऐसा न हो कि इस चक्कर में आपका पूरा एकाउंट ही खाली हो जाए। बिहार से ग्रामीण इलाकों में सस्ते दामों पर पुराने और खराब मोबाइल फोन खरीदने वाले फेरीवालों की आड़ में अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराधियों का बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। स्लीपर सेल के सदस्य गांव-गांव घूमकर ग्रामीणों से पुराने मोबाइल इकट्ठा कर रहे हैं और इन्हें तस्करी के जरिए नेपाल व बांग्लादेश भेज रहे हैं। वहां बैठे साइबर अपराधी इन मोबाइलों के मदरबोर्ड और मेमोरी चिप से पुराना डाटा निकालकर बड़े पैमाने पर साइबर ठगी को अंजाम दे रहे हैं।
ग्रामीण इलाकों से मोबाइल खरीदकर दिल्ली से लेकर बांग्लादेश तक बेचने वाले एक गिरोह का खुलासा दो माह पूर्व भागलपुर जीआरपी के थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर मोहम्मद नसीम अहमद ने किया था। इस मामले में 22 से अधिक चोरी के मोबाइल पकड़े गए थे। आरोपित ने स्वीकार किया था कि वह बांग्लादेश में पुराने मोबाइल को बेचने का काम करता है।
इस तरह से करते हैं पुराने मोबाइल का दुरुपयोग
ग्रामीण इलाके के लोग अक्सर खराब या पुराने हो चुके मोबाइल को बिना ठीक से फॉर्मेट किए मामूली कीमत या बर्तन के बदले बेच देते हैं। अपराधियों के पास ऐसी आधुनिक तकनीक और सॉफ्टवेयर है, जिनसे डिलीट किए गए कांटेक्ट नंबर, व्हाट्सएप चैट, फोटो, आधार-पैन की प्रतियां और यूपीआई से जुड़ी जानकारियां आसानी से रिकवर कर ली जाती हैं। इसके अलावा, फोन के आईएमईआई नंबर और मदरबोर्ड का इस्तेमाल फर्जी कॉल सेंटरों और अंतरराष्ट्रीय ठगी के नेटवर्क में किया जाता है।
बढ़ते साइबर अपराध के आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता
राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक वर्ष में राज्य में साइबर ठगी की शिकायतों में करीब 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रतिदिन औसतन 150 से अधिक कॉल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज हो रही हैं। पुलिस की तकनीकी जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि ठगी में इस्तेमाल होने वाले करीब 22 प्रतिशत संदिग्ध डिवाइस और आईएमईआई नंबर सीमावर्ती जिलों के ग्रामीण इलाकों से खरीदे गए पुराने मोबाइलों के हैं, जिन्हें बाद में नेपाल और बांग्लादेश के रास्ते सीमा पार भेजा गया।
सभी जिलों में चलेगा सघन जांच अभियान
प्रत्येक जिले के साइबर थाना पुलिस और स्थानीय थानों की संयुक्त टीम इस पर नकेल कसेगी। गांवों और कस्बों में घूम-घूमकर पुराने मोबाइल खरीदने वालों का सत्यापन किया जाएगा। बिना वैध लाइसेंस और खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड रखे मोबाइल जमा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, कबाड़ और इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट के नाम पर सीमावर्ती इलाकों में होने वाली ढुलाई पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ, मयंक कुमार झा ने कहा कि मोबाइलों के मदरबोर्ड और स्टोरेज चिप में यूजर का डिजिटल फुटप्रिंट मौजूद रहता है। यदि फोन को सही तरीके से डेटा वाइप न किया जाए, तो रीसायकल होने के बाद भी उसका डाटा रिकवर किया जा सकता है। अंतरराष्ट्रीय गिरोह इसी तकनीकी कमजोरी का फायदा उठा ग्रामीण इलाकों से डेटा और हार्डवेयर का अवैध दोहन कर रहे हैं।
भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि साइबर थानों की टीमें लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अनजान फेरीवालों को अपने पुराने मोबाइल न बेचें और यदि कोई संदेस्पद गतिविधि दिखे, तो तुरंत स्थानीय थाने या साइबर हेल्पलाइन नंबर पर इसकी सूचना दें।





