जामताड़ा : गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। नारायणपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर के समीप यात्रियों से भरी बस और मालवाहक ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना में बस सवार सात लोग घायल हो गए। घायलों में एक तीन वर्षीय बच्ची भी शामिल है। दो यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद धनबाद रेफर किया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार, चांदनी बस संख्या जेएच 04 एन 4480 धनबाद से यात्रियों को लेकर दुमका की ओर जा रही थी। दोपहर करीब एक बजे मोहनपुर के पास पहुंचते ही जामताड़ा की तरफ से धनबाद जा रहे ट्रक संख्या एमएच 46 डीजी 8283 से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्री घबराकर बाहर निकलने लगे।

हादसे की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), नारायणपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने तत्काल उनका प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल सोनरायठाढ़ी निवासी मुमताज अंसारी और धनबाद के पोखरिया निवासी दिवाकर भंडारी को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। घायलों में देवलबाड़ी निवासी विनोद दास, दिवाकर भंडारी, अंकुश कुमार, उनकी तीन वर्षीय पुत्री अंशिका कुमारी, मुमताज अंसारी, दुमका निवासी मरियम मुर्मू और धनबाद निवासी अमित शर्मा शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलने पर नारायणपुर बीडीओ कमलेश कुमार दास और सीओ देवराज गुप्ता सीएचसी पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। साथ ही चिकित्सकों से उपचार की स्थिति की जानकारी ली और घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर लगाता हादसों से बढ़ी चिंता
गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर बस, ट्रक और अन्य वाहन अक्सर तेज गति से चलते हैं। इससे हादसों की आशंका बनी रहती है। गौरतलब है कि पिछले शनिवार को भी लोहारंगी मोड़ के पास नूरी बस और कार के बीच टक्कर हुई थी। उस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी। लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार पर नियंत्रण और यातायात नियमों के सख्ती से पालन की जरूरत जताई है।





