लातेहार : जेएसएससी और जेपीएससी परीक्षाओं में कथित घोटाले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर गुरुवार को भाजपा की ओर से निकाली गई रैली के दौरान समाहरणालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया और कुछ देर के लिए मौके पर अफरातफरी मच गई। रैली में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद दीपक प्रकाश भी शामिल थे। भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में नारेबाजी करते हुए समाहरणालय की ओर बढ़ रहे थे। प्रवेश द्वार के समीप पुलिस ने जुलूस को आगे जाने से रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान लातेहार एसपी कुमार गौरव की गाड़ी भी वहां पहुंच गई। जुलूस को रोकने और एसपी की गाड़ी को रास्ता देने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

लातेहार में CBI जांच की मांग पर BJP की रैली में बवाल, पुलिस से धक्का-मुक्की
JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के विरोध में समाहरणालय घेराव को पहुंचे थे कार्यकर्ता pic.twitter.com/mYsGXGcXYp— Live Dainik (@Live_Dainik) September 10, 2026
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस बढ़ने के बाद पुलिसकर्मियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। पुलिस जवानों ने कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने का प्रयास किया, जबकि कार्यकर्ता समाहरणालय की ओर बढ़ने पर अड़े रहे। अचानक हुए तनावपूर्ण माहौल से कुछ देर तक प्रवेश द्वार पर स्थिति असहज बनी रही। बाद में पुलिस अधिकारियों और भाजपा नेताओं ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई। भाजपा नेताओं ने परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच सीबीआई से कराने की मांग दोहराई। रैली में भाजपा जिलाध्यक्ष वंशी यादव, राजधानी यादव, पूर्व विधायक हरिकृष्ण सिंह, पंकज सिंह, राकेश दुबे, ध्रुव पांडेय, छोटू राजा, सागर कुमार, पिंटू रजक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।





