रामगढ़ः जिला के रजरप्पा थाना क्षेत्र के मायल गांव के गावादेवती स्थित शिवाय आयरन एंड स्टील प्राइवेट लिमिटेड में रविवार की सुबह भट्ठी में जोरदार विस्फोट होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। बताया जाता है कि सुबह भट्ठी में तीन-चार बार ब्लास्ट हुआ। विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गयी। वहीं, कुछ मजदूरों के घायल होने की आशंका भी जतायी गयी।

ब्लास्ट के बाद प्लांट बंद, काम पर पहुंचे कर्मियों को लौटाया
घटना के बाद प्रबंधन ने प्लांट को बंद कर दिया।सुबह करीब नौ बजे काम पर पहुंचे कर्मियों को वापस लौटा दिया गया। अचानक हुए विस्फोट के बाद प्लांट में कामकाज रोक दिया गया. घटना को लेकर आसपास के ग्रामीणों में भी चिंता देखी गयी। इस संदर्भ में रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि भट्ठी ब्लास्ट की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर ग्रामीणों ने उठाये सवाल
स्थानीय ग्रामीणों ने प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्य गेट पर कंपनी के नाम का बोर्ड तक नहीं लगाया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण इस तरह की घटना हुई है। उधर, प्लांट में मौजूद एक कर्मी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि कुछ दिन पहले मेंटेनेंस कर्मियों ने भट्ठी में खराबी होने के कारण उसे नहीं चलाने की बात कही थी। इसके बावजूद भट्ठी चालू की गयी, जिसके कारण यह घटना हुई।
तकनीकी खराबी से हुआ विस्फोट
शिवाय आयरन एंड स्टील प्राइवेट लिमिटेड के सुपरवाइजर गुलाम रवानी ने दूरभाष पर बताया कि तकनीकी खराबी के कारण भट्ठी में विस्फोट हुआ है। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी को कोई हताहत नहीं हुई है।






