रांची: न्यू पुंदाग इलाके में चोरों ने सुनियोजित तरीके से एक बंद घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के जेवरात समेट ले गए। हैरानी की बात यह है कि चोरी से पहले आसपास के कई घरों को बाहर से बंद कर दिया गया था, ताकि कोई बाहर निकलकर विरोध न कर सके।
रांची के पुंदाग ओपी क्षेत्र स्थित न्यू पुंदाग में चोरों ने एक बंद मकान में घुसकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, सोनू सोनी के घर में चोरी की यह घटना हुई। चोर घर का ताला तोड़कर भीतर घुसे और अलमारी में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये नकद तथा लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले आसपास के कुछ घरों को बाहर से बंद कर दिया था, ताकि किसी को चोरी की भनक लगने पर भी तत्काल बाहर निकलने का मौका न मिले। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना पुंदाग ओपी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।






