पटना के गोपालपुर में कैश वैन से 40 लाख की लूट, बंदूक की नोक पर वारदात को दिया अंजाम

Picture of Live Dainik

Live Dainik

May 13, 2026

पटना के गोपालपुर में कैश वैन से 40 लाख की लूट, बंदूक की नोक पर वारदात को दिया अंजाम

पटनाः राजधानी पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को हथियारबंद अपराधियों ने CMS सिक्योरिटी वैन से करीब 40 लाख रुपये लूट लिए। बुधवार को गोपालपुर थाना क्षेत्र के पटना-मसौढ़ी मुख्य मार्ग पर बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक कैश वैन को अपना निशाना बनाया और हथियार के बल पर 40 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बीच सड़क पर वैन रोककर मचाया तांडव
मिली जानकारी के अनुसार, कैश वैन पटना-मसौढ़ी रोड से गुजर रही थी, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे बीच सड़क पर ही ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने वैन के गार्ड, चालक और अन्य कर्मियों पर हथियार तान दिए। जान से मारने की धमकी देते हुए अपराधियों ने वैन में रखे 40 लाख रुपये अपने कब्जे में लिए और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
मौके पर पहुँचे आलाधिकारी, CCTV फुटेज की जांच शुरू
वारदात के तुरंत बाद कर्मियों ने अपनी एजेंसी और पुलिस को सूचना दी। लूट की बड़ी खबर मिलते ही सदर डीएसपी (2) रंजन कुमार और गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस ने आसपास के इलाकों की नाकेबंदी कर दी है।सदर डीएसपी (2) रंजन कुमार ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया है। घटनास्थल और भागने वाले रास्तों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. जल्द ही अपराधियों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पटना में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें
पटना में कैश मैनेजमेंट कंपनियों को निशाना बनाने का यह पहला मामला नहीं है। अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का अंदाजा पिछली घटनाओं से लगाया जा सकता है। इसी साल मार्च के महीने में पाटलिपुत्र थाने के अल्पना मार्केट के पास कैश कर्मी से 20 लाख की लूट हुई थी।वर्ष 2023 में भी एक मामला सामने आया था जब आलमगंज इलाके में सिक्योर वैल्यू कैश कंपनी का चालक ही वैन में रखे 1.5 करोड़ रुपये लेकर फरार हो गया था।

See also  बिहार में अपराधियों ने ASI को घेरकर पीटा, पिस्टल भी लूटी, गिरफ्तारी के लिए हो रही है छापेमारी
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now