पटनाः राजधानी पटना में आयकर विभाग के कार्यालय में CBI की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। CBI की टीम ने छापा मारकर Assistant Commissioner सुनंदा कुमारी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस मामले में उनके साथ एक क्लर्क को भी पकड़ा गया है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला एक NGO के 12A और 80G सर्टिफिकेट से जुड़ा है, जिसे जारी करने के बदले घूस की मांग की गई थी। CBI ने ट्रैप लगाकर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। फिलहाल विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और CBI की टीम आगे की पूछताछ में जुटी है। भ्रष्टाचार के खिलाफ यह एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। मामला श्रवण ज्योति विवेकानंद संस्थान से जुड़ा है। संस्थान की ओर से आयकर विभाग में 12ए और 80जी प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया गया था।
आरोप है कि प्रमाणपत्र जारी करने के लिए महिला आयकर अधिकारी की ओर से संस्थान के प्रतिनिधि से 75 हजार रुपये की मांग की गई। शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी सीबीआई को दी। शिकायत मिलने के बाद जांच एजेंसी ने आरोपों का सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई।

क्लर्क ले रहा था पैसा
पटना एसीबी की टीम ने डीएसपी रुबी चौधरी के नेतृत्व में योजना तैयार की। इसके बाद आयकर गोलंबर स्थित आयकर कार्यालय में टीम पहुंची। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता ने 15 हजार रुपये की पहली किस्त दी।आरोप है कि महिला अधिकारी ने रकम खुद लेने के बजाय विभागीय क्लर्क के माध्यम से स्वीकार की। जैसे ही रिश्वत की रकम का लेन-देन हुआ, सीबीआई टीम ने दोनों को पकड़ लिया।कार्रवाई के दौरान सीबीआई ने रिश्वत की रकम बरामद की। इसके बाद दोनों आरोपितों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाया गया।
एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि प्रमाणपत्र जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगने का यह मामला अकेला है या इससे पहले भी ऐसे लेन-देन हुए हैं। कार्यालय के संबंधित दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।





