रांचीः धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर राज्यपाल श्री सी०पी० राधाकृष्णन एवं मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने आज रांची के बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान एवं संग्रहालय परिसर, कोकर स्थित बिरसा मुंडा समाधि स्थल एवं बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा नमन किया।
मौके पर मीडिया के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री चम्पाई सोरेन ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ जल, जंगल, जमीन की सुरक्षा की लड़ाई लड़ी। यहां के आदिवासी-मूलवासी के हक, अधिकार एवं अस्मिता की लड़ाई लड़ी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में जो सीएनटी/एसपीटी एक्ट बना है यह हमारे पूर्वजों का ही देन है, यह कानून राज्य के आदिवासी एवं मूलवासियों के लिए सुरक्षा कवच है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दिन हम सभी लोग धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को सहृदय याद करते हैं और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हैं।
देश भर में भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्घांजलि दी जा रही है । कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी बिरसा मुंडा को याद करते हुए श्रद्घाजंलि दी है ।
महान स्वतंत्रता सेनानी, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।
उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक समता और आदिवासी समुदाय के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनकी वीरता और संघर्ष को देश कभी नहीं भूल सकता। pic.twitter.com/1oXGa7Tcrk
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 9, 2024
बीजेपी के पूर्व सांसद औऱ पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भी बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी है । उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि
महान स्वतंत्रता सेनानी “धरती आबा” बिरसा मुंडा जी के बलिदान दिवस पर उन्हें कोटि कोटि नमन। उनका जीवन अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष और आदिवासियों के अस्मिता को अक्षुण्ण रखने के लिए समर्पित रहा।#भगवान_बिरसा_मुंडा#BhagwanBirsaMunda pic.twitter.com/RpwgFg7Oas
— Arjun Munda(मोदी का परिवार) (@MundaArjun) June 9, 2024