रांचीः पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा का खुलासा हुआ है। यहां की हेंदलजुड़ी पंचायत के छोलगोड़ा गांव में 172 मुस्लिम महिलाओं ने फर्जी तरीके से इस योजना का लाभ लिया है। हैरानी की बात यह है कि ये महिलाएं झारखंड की निवासी भी नहीं हैं। बिहार के किशनगंज और पश्चिमी बंगाल के उत्तर दिनाजपुर की इन लाभुकों के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उपायुक्त के आदेश पर प्रखंड विकास अधिकारी ने पंचायत सचिव को इनके खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया था। पंचायत सचिव ने बुधवार को गालूडीह थाने में सभी 172 महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक रांची में आज, अमित शाह रांची पहुंचे, हेमंत सोरेन भी दिल्ली से लौटे
दर्ज मामले के मुताबिक, हेंदलजुड़ी पंचायत में फर्जी तरीके से मंईयां सम्मान योजना में लाभुकों का नाम शामिल किया गया है। लाभुकों में बिहार के किशनगंज जिले के ठाकुरगंज थाने के विभिन्न गांवों की 40 मुस्लिम महिला एवं पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा थाने के विभिन्न गांवों के 132 मुस्लिम महिलाएं शामिल हैं। इन महिलाओं ने धोखाधड़ी कर इस योजना का लाभ उठा ली। जांच में फर्जीवाड़ा की पुष्टि के साथ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज की गई है। हालांकि दर्ज शिकायत में राशि का उल्लेख नहीं किया गया है।
तेजस्वी यादव की सुरक्षा में बड़ी चूक, मरीन ड्राइव पर गाड़ी से टक्कर मारने की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, इन महिलाओं के बैंक खाते में पहली किस्त भेजी गई थी। 9 मई को मामले के प्रकाश में आने के बाद इसके जांच के आदेश दिए गए थे। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने घाटशिला की प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) यूनिका शर्मा को मामला दर्ज करने का निर्देश दिया था। पंचायत के आठ गांव में एक भी मुस्लिम परिवार नहीं हेंदलजुड़ी पंचायत में आठ गांव हैं, पर किसी गांव में एक भी मुस्लिम परिवार नहीं है। बावजूद पंचायत के छोलगोड़ा गांव की 172 मुस्लिम महिलाओं के नाम न सिर्फ मंईयां सम्मान योजना में शामिल किया गया, बल्कि उनके खाते में इसकी पहली किस्त भेज दी गई है। जांच में यह पता चला कि सभी लाभुकों के राशन कार्ड पर एक ही नंबर अंकित है।
हेंदलजुड़ी पंचायत के पंचायत सचिव मंगल टुडू ने इस खुलासे को लेकर कहा कि मंईयां सम्मान योजना की सूची में अंकित मुस्लिम महिलाएं पश्चिम बंगाल और बिहार की है। गलत तरीके से योजना का लाभ लेने वाली 172 महिलाओं के खिलाफ बीडीओ के आदेश पर गालूडीह थाना में मामला दर्ज किया गया है। घाटशिला बीडीओ यूनिका शर्मा के निर्देश पर पंचायत सचिव मंगल टुडू के बयान के आधार पर गालूडीह थाने में 172 महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। हेंदलजुड़ी पंचायत की तत्कालीन सचिव पुष्पा कुमारी पोद्दार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस घटना ने प्रशासनिक लापरवाही को उजागर किया है। बीजेपी और जेएमएम ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांगी की है। प्रशासन ने फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी है।


