रांचीः झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की बड़ी कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में रांची के सिल्ली अंचल कार्यालय में तैनात अमीन विनोद लोहरा को एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) की टीम ने 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला

एसीबी के अनुसार अमीन विनोद लोहरा एक व्यक्ति की जमीन की मापी कराने के बदले 2 लाख रुपये नकद और 4 डिसमिल जमीन रिश्वत के तौर पर मांग रहा था। पीड़ित काफी समय से अपनी जमीन की मापी के लिए अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात अमीन विनोद लोहरा से हुई। आरोप है कि अमीन ने जमीन की मापी कराने के लिए उससे बड़ी रकम की मांग की। अमीन ने कहा कि काम कराने के लिए उसे 2 लाख रुपये नकद देने होंगे। इसके साथ ही 4 डिसमिल जमीन भी देनी होगी।
पीड़ित ने एसीबी से की शिकायत
अमीन की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने रिश्वत देने के बजाय एसीबी से शिकायत करने का फैसला किया। उसने रांची स्थित एसीबी के कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच शुरू की।जांच में रिश्वत मांगने की बात सामने आने के बाद टीम ने अमीन को पकड़ने के लिए प्लान बनाया।
50 हजार रुपये लेते ही एसीबी ने दबोचा
गुरुवार को पीड़ित 50 हजार रुपये की पहली किश्त लेकर अमीन के पास पहुंचा। जैसे ही विनोद लोहरा ने रुपये लिए, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने उसे पकड़ लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से सिल्ली अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। एसीबी की टीम आरोपी अमीन को गिरफ्तार कर अपने साथ रांची ले गई।जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




