बोकारोः जिला के गोमिया प्रखंड में जंगली हाथियों का झूंड भ्रमण कर रहा है। इसमें तीन मादा हाथी भी है जो गर्भवती है। इस वजह से इनका विचरण बहुत धीमा हो रहा है। हाथियों के भ्रमण से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। करीब 30 हाथियों का एक बड़ा झुंड गोपो, पालू, बड़की पुन्नू और कुसुमडीह-कानीडीह गांव के आसपास घूम रहा है। हाथियों की लगातार गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
बोकारो वन प्रमंडल के संलग्न पदाधिकारी संदीप शिंदे ने बताया कि इस झुंड में 2 से 3 गर्भवती हथनियां भी शामिल हैं। गर्भावस्था के दौरान हाथियों का स्वभाव सामान्य से अधिक आक्रामक हो सकता है। यही वजह है कि यह झुंड फिलहाल धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और संभावना है कि कुछ दिनों तक इसी इलाके में डेरा डाले रह सकता है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से कहा गया है कि वे हाथियों के पास जाकर फोटो या सेल्फी लेने की कोशिश न करें। हाथियों को शोर मचाकर, पटाखे फोड़कर, ट्रैक्टर या अन्य वाहनों से भगाने का प्रयास भी नहीं करें, क्योंकि इससे वे उग्र हो सकते हैं और जान-माल का नुकसान हो सकता है।
ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग ने इलाके में दो क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) तैनात की हैं।ये टीमें लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। वो जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करेंगी। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं हाथियों का झुंड दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें। खुद किसी तरह का जोखिम न उठाएं।
वन अधिकारियों का कहना है कि बरसात के मौसम में भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में हाथियों का झुंड अक्सर गांवों के आसपास पहुंच जाता है। ऐसे समय में लोगों की सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।विभाग ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। फिलहाल पूरे इलाके में वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
VIDEO | Jharkhand: Administration on high alert as herd of 30 elephants moves through a village in Bokaro.
(Source: Third Party)
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/0YkYNT6P05
— Press Trust of India (@PTI_News) June 28, 2026

