हजारीबागः शहर के डीवीसी चौक के पास स्थित होटल उपकार में शादी समारोह के दौरान जमकर मारपीट हुई। इस दौरान फायरिंग भी हुई है। इस फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया है।
फायरिंग की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, होटल में शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान बाराती और शराती पक्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की सूचना है। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और गोलीबारी शुरू हो गई। अचानक हुई फायरिंग से समारोह में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घटना में गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। इसके साथ ही पुलिस होटल और आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। घटना के कारणों और फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए जांच की जा रही है।





