रांचीः चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की ओर से CBI के आरोप पत्र का खंडन किया गया है। झारखंड हाई कोर्ट में दाखिल अपील पर मंगलवार को सुनवाई के दौरान लालू के अधिवक्ता ने सरकारी फाइलों की नोटिंग का हवाला देते हुए कहा कि लालू प्रसाद ने निगरानी (विजिलेंस) जांच को कभी नहीं रोका।
CBI ने लगाया था जांच रोकने का आरोप
यह मामला देवघर कोषागार से अवैध निकासी से जुड़ा है। सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में आरोप लगाया था कि वर्ष 1994 में दुमका के तत्कालीन क्षेत्रीय निदेशक डॉ. शेष मुनि राम के विरुद्ध फर्जी आवंटन पत्रों के जरिए अवैध निकासी के मामले में निगरानी जांच शुरू हुई थी। लोक लेखा समिति (पीएसी) के तत्कालीन अध्यक्ष जगदीश शर्मा ने 17 जून 1994 को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस जांच को रोकने का आग्रह किया था। CBI का दावा है कि लालू प्रसाद यादव ने आरोपितों को बचाने के लिए इस फाइल को कुल 16 महीनों तक दबाए रखा और जांच को बाधित किया।
मुख्य सचिव और निगरानी डीजी ने दी थी राय
लालू प्रसाद के अधिवक्ता ने अदालत में निगरानी विभाग की फाइल पेश करते हुए बताया कि तत्कालीन मुख्य सचिव और निगरानी के डीजी डीएन सहाय ने खुद यह राय दी थी कि जब तक पीएसी की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक निगरानी जांच को स्थगित रखा जाए।
50 लाख रुपये के लेन-देन का दस्तावेजी साक्ष्य नहीं
बचाव पक्ष की ओर से इससे पहले विजिलेंस विभाग की फाइल नोटिंग और अन्य दस्तावेज अदालत में पेश किये गये। अधिवक्ता ने कहा कि अभियोजन पक्ष का आरोप है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री रहते हुए लालू प्रसाद ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ चल रही विजिलेंस जांच रुकवा दी थी। आरोप के मुताबिक, इस मामले में 50 लाख रुपये आरके राणा को दिये गये थे, जिसमें से कुछ रकम लालू प्रसाद तक पहुंचायी जानी थी। बचाव पक्ष ने इस आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि कथित लेन-देन के संबंध में न तो कोई दस्तावेजी साक्ष्य है और न ही मौखिक साक्ष्य। विजिलेंस की फाइल संख्या बीएस-23/94 (प्रदर्श-10/34) में भी 50 लाख रुपये के लेन-देन का कोई उल्लेख नहीं है।
फाइल नोटिंग में जांच रोकने का आदेश नहीं
अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि वर्ष 1994 में जगदीश शर्मा ने विधानसभा की लोक लेखा समिति (पीएसी) की जांच का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। इसमें पशुपालन विभाग से जुड़े मामले की विजिलेंस जांच पीएसी की जांच पूरी होने तक रोकने का अनुरोध किया गया था। बचाव पक्ष के अनुसार, फाइल नोटिंग से यह साबित नहीं होता कि तत्कालीन मुख्यमंत्री ने जांच रोकने का आदेश दिया था। अधिवक्ता ने बताया कि फाइल पांच जुलाई 1994 को मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंची थी और 29 मार्च 1995 को बिना किसी आदेश के वापस कर दी गयी थी। इस दौरान फाइल मुख्यमंत्री के समक्ष रखे जाने का प्रमाण भी स्पष्ट नहीं है।
दो फरवरी 1996 के आदेश का दिया हवाला
बचाव पक्ष ने अदालत को बताया कि मई 1995 में नयी सरकार बनने के बाद विजिलेंस विभाग ने मामले में दोबारा जांच शुरू करने की प्रक्रिया अपनायी थी। हालांकि, पीएसी की जांच पूरी होने तक विजिलेंस जांच स्थगित रखने का प्रस्ताव दिया गया था। इसके बाद दो फरवरी 1996 को तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने आदेश दिया था कि पीएसी से संबंधित दस्तावेजों की फोटोकॉपी लेकर एक महीने के भीतर विजिलेंस जांच पूरी की जाये और रिपोर्ट पेश की जाये। अधिवक्ता ने दलील दी कि यह आदेश जांच रोकने के आरोप के विपरीत है।
धारा 313 के बयान का भी किया उल्लेख
बचाव पक्ष ने सीआरपीसी की धारा 313 के तहत दर्ज लालू प्रसाद के बयान का भी हवाला दिया। अधिवक्ता के अनुसार, सवाल संख्या 22 के जवाब में लालू प्रसाद ने कहा था कि उन्होंने विजिलेंस जांच नहीं रुकवायी थी, बल्कि तत्कालीन डीजी विजिलेंस डीएन सहाय ने जांच रोकी थी। बचाव पक्ष का दावा है कि उनका यह बयान विजिलेंस फाइल की नोटिंग से मेल खाता है। इस मामले में लालू प्रसाद समेत अन्य सजायाफ्ताओं की कई आपराधिक अपीलें एक साथ सूचीबद्ध हैं। अदालत में बचाव पक्ष की दलीलें जारी हैं।
देवघर कोषागार से 89.27 लाख रुपये की हुई थी अवैध निकासी
उल्लेखनीय है कि लालू प्रसाद ने देवघर कोषागार से अवैध निकासी से जुड़े आरसी-64/1996 मामले में सीबीआइ की विशेष अदालत के फैसले को हाइकोर्ट में चुनौती दी है। वर्ष 1990 से 1994 के बीच पशु चारे के नाम पर देवघर कोषागार से 89.27 लाख रुपये की अवैध निकासी की गयी थी। इस मामले में सीबीआइ के विशेष न्यायाधीश शिवपाल सिंह की अदालत ने लालू प्रसाद को दोषी ठहराते हुए साढ़े तीन साल की सजा और पांच लाख रुपये जुर्माने का आदेश दिया था। इसी सजा के खिलाफ उनकी अपील पर हाइकोर्ट में सुनवाई हो रही है।




