रांचीः नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (NPU) के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी करने का मामला सामने आया है। मनिका डिग्री कॉलेज, लातेहार जिले के नाम से जारी इस नियुक्ति पत्र पर कुलपति डॉक्टर दिनेश कुमार सिंह का फर्जी हस्ताक्षर भी किया गया है। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए जांच के निर्देश दिये हैं। कुलपति ने डिग्री कॉलेज मनिका के प्राचार्य को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है।
जूनियर डिवीजन क्लर्क के पद पर नियुक्ति का दावा
जानकारी के अनुसार, मनिका प्रखंड के सिंजो गांव निवासी रानी देवी (पति मिथिलेश यादव) के नाम से यह कथित नियुक्ति पत्र तैयार किया गया है। इसमें उन्हें जूनियर डिवीजन क्लर्क के पद पर नियुक्त करने का उल्लेख है। पत्र पर 17 नवंबर की तिथि अंकित है और पांच दिसंबर को योगदान देने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा प्रतिमाह 27,860 रुपये वेतन देने की बात भी लिखी गयी है।

नियुक्ति पत्र पर कुलपति डॉ दिनेश कुमार सिंह का हस्ताक्षर दर्शाया गया है। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस पत्र को पूरी तरह फर्जी बताया है। आशंका जतायी जा रही है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से इसे तैयार किया गया है। इस घटना ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों की गतिविधियों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिये हैं।
फोन पर दी गयी नियुक्ति पत्र जारी होने की सूचना
रानी देवी के पति मिथिलेश यादव ने बताया कि एक व्यक्ति ने फोन कर नियुक्ति पत्र जारी होने की जानकारी दी थी। हालांकि, उन्हें अब तक नियुक्ति पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। इस संबंध में उन्हें कोई विस्तृत जानकारी भी नहीं है। ऐसे में नियुक्ति पत्र किसने और किस उद्देश्य से तैयार किया, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
AI से तैयार किया गया फर्जी पत्र : कुलपति
इस मामले में कुलपति डॉ दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी होने की जानकारी मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित पत्र AI के माध्यम से तैयार किया गया है और पूरी तरह फर्जी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मनिका डिग्री कॉलेज के प्राचार्य को जांच कर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।





