चतरा : गिद्धौर प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की नौवीं कक्षा की एक छात्रा ने सोमवार की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान थाना क्षेत्र के सिमरातरी गांव निवासी प्रियंका कुमारी पिता संतोष भुईयां के रूप में हुई है। घटना सोमवार रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे छात्रावास की सभी छात्राएं भोजन करने के लिए नीचे आई थीं। इसी दौरान प्रियंका को भोजन के लिए नहीं आते देख उसकी सहपाठियों ने उसे बुलाने के लिए कमरे में जाकर देखा। वहां प्रियंका फांसी के फंदे से लटकी हुई मिली। यह देख छात्राओं ने तत्काल विद्यालय की शिक्षिकाओं को इसकी सूचना दी। इसके बाद आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिद्धौर लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए चतरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।जहां बच्ची की मौत की पुष्टि कर दिया गया।
बताया जाता है कि प्रियंका 28 नवंबर को छुट्टी बिताने के बाद घर से विद्यालय लौटी थी। घटना की सूचना मिलते ही सोमवार की रात अंचल अधिकारी अनंत श्यामन विश्वकर्मा एवं थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री विद्यालय पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।फिलहाल छात्रा के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।








