BOKARO: बोकारो जनरल हॉस्पिटल ( BGH) एक बार फिर विवादों में है। इस बार अस्पताल के कुछ कर्मचारियों पर नवजात बच्ची को दो लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव देने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के सर्कस मैदान निवासी मनोज कुमार ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित कर्मचारियों पर सवाल खड़े किए हैं।
नवजात बच्ची के खरीद फरोख्त का मामला
मनोज कुमार के मुताबिक, उनकी पत्नी सोनी कुमारी 29 अक्टूबर से BGH में भर्ती है। उसी दिन शाम करीब 5 बजे उन्होंने सामान्य प्रसव के दौरान एक बच्ची को जन्म दिया। मनोज का आरोप है कि अस्पताल की एक सफाई कर्मचारी और 3 नर्सों ने उनसे कहा कि वे गरीब हैं और बच्ची का पालन-पोषण नहीं कर पाएंगे, इसलिए बच्ची को दो लाख रुपये में बेच दें।
सौदे को लेकर वीडियो वायरल
मनोज का कहना है कि उन्होंने इस प्रस्ताव को साफ तौर पर ठुकरा दिया। इसके बाद से उनकी पत्नी से मिलने में भी परेशानी हो रही है। इस पूरे मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में नवजात की मां-बाप और एक सफाई कर्मचारी के बीच बातचीत दिखाई देने की बात कही जा रही है, जिसमें बच्ची के सौदे को लेकर चर्चा होने का दावा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चास एसडीओ के आदेश पर सेक्टर- 4 थाना प्रभारी नीतीश कुमार जांच के लिए अस्पताल पहुंचे।
मामले की जांच जारी: थाना प्रभारी
वहीं बीएसएल के चीफ ऑफ कम्युनिकेशन मणिकांत धान ने बताया कि फिलहाल इस तरह की कोई शिकायत उनके पास नहीं आई है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी। अब सवाल यह है कि क्या अस्पताल में वास्तव में नवजात बच्ची के सौदे का प्रस्ताव दिया गया था? जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।







